कोटा में आबकारी विभाग ने अवैध शराब से भरे एक ट्रक को पकड़ा है। ट्रक से 796 पेटियां जब्त की गईं, जिनमें 25,440 पव्वे और 2,394 बोतलें शामिल हैं। बरामद शराब की अनुमानित कीमत लगभग 69 लाख 73 हजार रुपए बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम ने ट्रक ड्राइवर को मौके से गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई शुक्रवार शाम आबकारी आयुक्त राजस्थान, उदयपुर के निर्देश पर विशेष अभियान के तहत की गई।अतिरिक्त आबकारी आयुक्त प्रदीप सिंह सांगावत और नरेश कुमार मालव के निर्देशन में जिला आबकारी अधिकारी सरिता के नेतृत्व में नेशनल हाईवे-52 स्थित नया टोल प्लाजा गोपालपुरा, थाना मण्डाना क्षेत्र में नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान हरियाणा नंबर के एक टाटा ट्रक से “फॉर सेल इन हरियाणा ओनली” लिखी विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद की गई। विभाग अब शराब की सप्लाई चेन और तस्करी नेटवर्क की जांच में जुट गया है। इस पूरी कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक प्रदीप सिंह मीना, प्रहराधिकारी हंसराज मीना, अमर सिंह सहित आबकारी निरोधक दल की टीम मौजूद रही।
Source link
