सिरसा जिले के डबवाली की थाना सदर क्षेत्र में एक व्यक्ति के बैंक खाते से धोखाधड़ी कर ₹97,888 निकालने का मामला सामने आया है। इस संबंध में गांव सुखेराखेड़ा के भूरा राम पुत्र मदन लाल की शिकायत पर साइबर ठगी का केस दर्ज किया गया है।
.
भूरा राम ने पुलिस को बताया कि उनका पंजाब नेशनल बैंक की अबूबशहर शाखा में खाता संख्या 0970001700016199 है। 29 अप्रैल 2026 को जब वह किसी अन्य व्यक्ति को ऑनलाइन भुगतान करने का प्रयास कर रहे थे, तो उन्हें खाते में पर्याप्त राशि नहीं मिली। जांच करने पर पता चला कि उनके खाते से कुल ₹97,888 बिना अनुमति के निकाल लिए गए थे।
कोई ओटीपी या मैसेज नहीं मिला
भूरा राम के अनुसार, उन्हें इस संबंध में कोई ओटीपी, कॉल, मैसेज या अनुमति अनुरोध प्राप्त नहीं हुआ था। उन्होंने किसी के साथ भी अपना एटीएम पिन, सीवीवी, ओटीपी या इंटरनेट बैंकिंग से संबंधित कोई जानकारी सांझा नहीं की थी। उन्होंने घटना को एक सुनियोजित साइबर धोखाधड़ी बताया।
पीड़ित ने बताया कि उन्होंने 29 अप्रैल 2026 को ही साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करके ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई थी, उन्हें शिकायत संख्या 31304260032126 प्राप्त हुआ था।
केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
मामले की जांच साइबर क्राइम यूनिट डीओपी डबवाली में तैनात पीएसआई अजय कुमार ने की। जांच के बाद प्रथम दृष्टया धारा 316(2) और 318(4) बीएनएस के तहत अपराध बनता पाया गया। इसके बाद थाना सदर डबवाली में 21 मई 2026 को अभियोग संख्या 167 दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार, मामले की आगे की जांच साइबर क्राइम यूनिट द्वारा की जा रही है। पुलिस ने बताया कि पीएसआई अजय कुमार के पास सीसीटीएनएस कोड न होने के कारण एफआईआर एएसआई बेअंत सिंह के नाम पर दर्ज की गई है।
