गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेस-वे के पास स्थित सेक्टर-112 में एक प्लास्टिक वेस्ट प्लांट में भीषण आग लग गई है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। आग की ऊंची लपटों को काफी दूर से देखा जा सकता है। प्लास्टिक की मौजूदगी के कारण आग तेजी से फैल रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं। हालांकि, राहत और बचाव कार्य में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल, मुख्य मार्ग पर निर्माण कार्य चलने की वजह से रास्ता पूरी तरह बंद है। इस वजह से फायर ब्रिगेड और पुलिस के वाहनों को मुख्य सड़क से जाने का रास्ता नहीं मिल पा रहा है। वर्तमान में फायर ब्रिगेड की गाड़ियां खेतों के कच्चे और संकरे रास्तों से होकर चक्कर काटने को मजबूर हैं। स्थानीय प्रशासन और दमकल कर्मी वैकल्पिक रास्तों से प्लांट तक पहुंचने की कोशिश में जुटे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन प्लांट में भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
इस खबर को अपडेट कर रहे हैं…
Source link
