मुख्य बातें

पार्टी करने आए फैक्ट्री संचालक को SHO ने जड़े थप्पड़,VIDEO: यमुनानगर में बाइक का विवाद, धक्का-मुक्की भी की; पीड़ित बोला- थप्पड़ का इंसाफ चाहिए – Yamunanagar News

पार्टी करने आए फैक्ट्री संचालक को SHO ने जड़े थप्पड़,VIDEO:  यमुनानगर में बाइक का विवाद, धक्का-मुक्की भी की; पीड़ित बोला- थप्पड़ का इंसाफ चाहिए – Yamunanagar News

हरियाणा के यमुनानगर सिटी थाना के एसएचओ ने बर्थडे पार्टी मनाने ढाबे पर आए एक फैक्ट्री संचालक को सरेआम थप्पड़ जड़ दिए। इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एसएचओ फैक्ट्री संचालक को धक्का देते और थप्पड़ मारते हुए नजर आ रहा है। आसपास काफी भीड़ है, जो एसएचओ को रोकने का प्रयास भी कर रही है, लेकिन वह थप्पड़ पर थप्पड़ मारे जा रहा है। उधर, पीड़ित फैक्ट्री संचालक ने आरोप लगाया है कि सड़क किनारे खड़ी उसकी बाइक को लेकर हुए विवाद के दौरान एसएचओ ने न केवल उसे थप्पड़ मारे, बल्कि धक्का-मुक्की और गाली-गलौज भी की। उसका कहना है कि वह चालान भुगतने के लिए तैयार है, लेकिन किसी भी पुलिस अधिकारी को कानून हाथ में लेकर किसी नागरिक के साथ मारपीट करने का अधिकार नहीं है। उधर, इस पूरे घटनाक्रम पर सिटी थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने अपना पक्ष रखा। बताया कि फैक्ट्री संचालक ने शराब का सेवन किया हुआ था। वह पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करने लगा। इसके चलते वाहन को इंपाउंड कर दिया गया। दोनों पक्षों में कहासुनी होने पर यह घटनाक्रम हुआ। यहां सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला… ढाबे के बाहर सड़क किनारे खड़ी थी बाइक गंगानगर कॉलोनी, जगाधरी निवासी संजीव कुमार ने बताया कि चनेटी रोड पर उसकी जय श्रीश्याम एंटरप्राइजेज के नाम से पीलिंग फैक्ट्री है। गुरुवार की रात वह अपने परिचित की बर्थडे पार्टी मनाने रेलवे रोड स्टेशन चौक स्थित ढाबे पर पार्टी करने आया था। उसने अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी कर रखी थी। इसी दौरान सिटी थाना पुलिस टीम वहां पहुंची और बाइक के मालिक के बारे में पूछताछ करने लगी। संजीव के अनुसार जैसे ही वह पुलिस कर्मियों के पास पहुंचा और बताया कि बाइक उसकी है, तभी यमुनानगर सिटी थाना के एसएचओ नरेंद्र सिंह उस पर भड़क गए। चालान से आपत्ति नहीं, लेकिन थप्पड़ मारना गलत संजीव का आरोप है कि बिना उसकी बात सुने एसएचओ ने उसे थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। उसने कहा कि उसके पास बाइक के सभी वैध कागजात हैं, लेकिन उसकी एक नहीं सुनी गई। पीड़ित का कहना है कि इस दौरान उसे धक्का भी दिया गया और उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। उसने आरोप लगाया कि एसएचओ लगातार उसे अपमानित करते रहे और उसकी सफाई सुनने को तैयार नहीं थे। पीड़ित संजीव कुमार ने कहा कि यदि उसकी बाइक गलत तरीके से खड़ी थी तो वह उसका चालान भुगतने के लिए तैयार है, लेकिन किसी भी पुलिस अधिकारी को कानून हाथ में लेकर किसी नागरिक के साथ मारपीट करने का अधिकार नहीं है। उसका कहना है कि उसे चालान से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन उसे एसएचओ द्वारा सार्वजनिक रूप से मारे गए थप्पड़ों और किए गए अपमान का इंसाफ चाहिए। पहले धक्के मारे, फिर थप्पड़, CCTV में हुआ कैद इस पूरे घटनाक्रम का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि पुलिस टीम एक बाइक के आसपास खड़ी है। कुछ ही देर बाद फैक्ट्री संचालक संजीव कुमार वहां पहुंचता है और पुलिस अधिकारियों से बातचीत करता दिखाई देता है। इस दौरान एसएचओ पहले उसे पीछे की ओर धक्का देते नजर आते हैं। इसके बाद वह दोबारा उसके करीब जाकर सिर पर हाथ मारते हैं और फिर पीछे धकेल देते हैं। वीडियो में आगे दिखाई देता है कि एसएचओ दोबारा संजीव के पास जाते हैं और कथित रूप से पहले उल्टे हाथ से तथा फिर सीधे हाथ से थप्पड़ मारते हैं। हालांकि वीडियो में आवाज स्पष्ट नहीं है, लेकिन संजीव का आरोप है कि इस दौरान उसके साथ गाली-गलौज भी की गई। घटना के समय आसपास मौजूद लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए थे और काफी देर तक वहां हलचल का माहौल बना रहा। फैक्ट्री संचालक ने पी रखी थी शराब : थाना प्रभारी इस पूरे घटनाक्रम पर सिटी थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने अपना पक्ष रखते हुए बताया कि वह रात के समय गश्त पर थे। इसी दौरान रेलवे रोड पर उन्हें एक बाइक दिखाई दी, जिसकी नंबर प्लेट स्पष्ट रूप से नजर नहीं आ रही थी। जब उन्होंने बाइक चालक से पूछताछ शुरू की, तभी संजीव वहां पहुंच गया और उसने बाइक को अपनी बताया। थाना प्रभारी के अनुसार, उस समय संजीव ने शराब का सेवन किया हुआ था और वह पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करने लगा। उसे समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नहीं माना। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई और पूरा घटनाक्रम घटित हुआ। उन्होंने बताया कि बाइक के वैध दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं किए गए, जिसके चलते वाहन को इंपाउंड कर दिया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *