अमृतसर के ढपई इलाके के पन्नू चौक में शनिवार रात 12 एक व्यक्ति को शराब पीकर गाली-गलौज करने से रोकना भारी पड़ गया। आरोप है कि इलाके में रहने वाला एक व्यक्ति रोज शराब पीकर गली में हंगामा करता और लोगों को गालियां निकालता था। शनिवार रात जब स्थानीय लोगों ने उसे ऐसा करने से रोका तो विवाद बढ़ गया। बताया जा रहा है कि इसके बाद आरोपी ने अपने रिश्तेदारों को मौके पर बुला लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच झगड़ा शुरू हो गया और हथियार निकल आए। हमले के दौरान गली से गुजर रही दो महिलाएं भी चपेट में आ गईं और घायल हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। झगड़े से कोई लेना-देना नहीं था — प्रिया गांधी इलाके की रहने वाली प्रिया गांधी ने आरोप लगाया कि वह अपने घर के बाहर खड़ी थी, तभी कुछ लोगों ने उस पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि हमलावर उनकी चेन भी छीनकर ले गए। प्रिया का कहना है कि उनका झगड़े से कोई संबंध नहीं था, फिर भी उन्हें निशाना बनाया गया। घटना के बाद लोगों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बार-बार फोन करने के बावजूद पुलिस करीब एक घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची। लोगों ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग वहीं, घटना के करीब दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और एक युवक को हिरासत में लिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
