मुख्य बातें

एक ही रात में दो बार दुकान में घुसा चोर: रतलाम में थाने के पीछे की दुकान से 92 हजार नकद और लैपटॉप ले उड़ा- VIDEO – Ratlam News

एक ही रात में दो बार दुकान में घुसा चोर:  रतलाम में थाने के पीछे की दुकान से 92 हजार नकद और लैपटॉप ले उड़ा- VIDEO – Ratlam News

रतलाम के स्टेशन रोड थाने से मात्र 300 मीटर दूर स्थित एक कपड़े की दुकान में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात चोरी की वारदात हुई। एक चोर ने एक ही रात में दो बार दुकान में घुसकर 92 हजार रुपए नकद और एक लैपटॉप चुरा लिया। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। न्यू रोड स्थित गुजराती समाज हायर सेकंडरी स्कूल के सामने मौजूद अम्ब्रेला किड्स गारमेंट्स के संचालक हातिम कुतुबउद्दीन पाकावाला ने घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे जब उनका छोटा भाई हुसैन दुकान पहुंचा, तो उसे शटर पूरी तरह खुला हुआ मिला। उसने अंदर जाकर देखा तो कोई मौजूद नहीं था। जब सबसे पहले आने वाले कर्मचारी को फोन किया गया, तो पता चला कि वह भी अब तक नहीं आया है। व्यापारी को देने के लिए रखे थे 65 हजार रुपए
शटर खुला देखकर जब दुकान का गल्ला चेक किया गया, तो उसमें रखे पर्स से 65 हजार रुपए गायब मिले। संचालक के अनुसार, यह रकम एक व्यापारी को देने के लिए रखी गई थी। इसके अलावा एक बक्से में रखे 25 हजार रुपए और गल्ले में मौजूद डेढ़ से दो हजार रुपए के छुट्टे भी नदारद थे। इस तरह चोर पहली बार में कुल 92 हजार रुपए की नकदी चुरा ले गया। 8 मिनट में की चोरी, फिर एक घंटे बाद वापस आया
दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि चोर ने बेखौफ होकर एक ही रात में दो बार चोरी की। पहली बार वह रात 3:30 बजे दुकान में घुसा और 8 मिनट में गल्ले से नकदी निकाल ली। इसके लगभग सवा घंटे बाद सुबह 4:45 बजे वह पैदल ही वापस दुकान पर आया। दूसरी बार उसने महज 5 मिनट में 45 हजार रुपए कीमत का लैपटॉप, चार्जर और एक स्कैनर मशीन चुरा ली। कैमरों में फ्रीगंज की तरफ जाता दिखा आरोपी
वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस ने एसपी ऑफिस के कंट्रोल रूम से शहर के अन्य सीसीटीवी फुटेज चेक किए। फुटेज में दिखा कि पहली बार चोरी के बाद 3:38 बजे दुकान से निकलकर चोर शास्त्री नगर, पावर हाउस रोड और दो बत्ती होते हुए न्यू रोड से वापस दुकान पहुंचा था। दूसरी बार चोरी करने के बाद वह दो बत्ती से फ्रीगंज वाले रास्ते के पीछे पटरियों की तरफ जाता दिखाई दिया। फ्रीगंज के पीछे वाले रास्ते पर कैमरे नहीं होने के कारण उसकी आगे की लोकेशन नहीं मिल सकी। पुलिस गश्त पर सवाल, थाना प्रभारी बोले- जल्द पकड़ा जाएगा
शहर की मुख्य सड़क पर स्थित दुकान में एक ही रात में दो बार आसानी से हुई इस चोरी ने पुलिस गश्त की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले में स्टेशन रोड थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह जादौन ने कहा कि, “पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज के जरिए चोर की तलाश में जुट गई है। शीघ्र ही चोर को पकड़ लिया जाएगा।”



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *