राजधानी रायपुर में बढ़ रही अवैध शराब बिक्री को लेकर सांसद बृजमोहन अग्रवाल एक बार फिर सख्त तेवर में नजर आए। सुशासन तिहार शिविर के दौरान उन्होंने मंच से ही पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
.
सांसद ने कहा कि शहर के कई इलाकों में खुलेआम अवैध शराब बिक रही है, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने अधिकारियों से तुरंत सख्त कदम उठाने को कहा।
सांसद ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि अगर आम लोगों और जनप्रतिनिधियों को यह पता है कि कहां-कहां अवैध शराब बेची जा रही है, तो पुलिस और आबकारी विभाग को इसकी जानकारी क्यों नहीं है।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि इस कारोबार में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और किसी को भी बख्शा नहीं जाना चाहिए।
इस दौरान मंच पर रायपुर की महापौर मीनल चौबे भी मौजूद थीं। कार्यक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में सांसद अधिकारियों से नाराजगी जताते हुए कहते दिखाई दे रहे हैं, “कोई बड़े से बड़ा आदमी हो उसको उठाकर बंद करो। 3 महीना जमानत नहीं होगी ना, बंद हो जाएगा तो… करो ना बंद, क्यों नहीं बंद करते?”
वीडियो में बृजमोहन अग्रवाल भाठागांव, मठपुरैना, चंगोराभाठा, संतोषी नगर और टिकरापारा जैसे इलाकों का नाम लेते हुए कहते सुनाई दे रहे हैं कि इन क्षेत्रों में बहुत ज्यादा अवैध शराब बिक रही है और इसे रोकना जरूरी है।
वे अधिकारियों से यह भी कहते हैं, “हमें मालूम है क्या, वह शराब कहां बिक रही है, तो क्या पुलिस वालों को नहीं मालूम?”
सांसद का यह वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। इससे पहले भी वे अलग-अलग कार्यक्रमों में अधिकारियों को सख्त लहजे में नसीहत देते नजर आ चुके हैं।
…………………………..
इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…..
अधिकारी पर भड़के बृजमोहन, ग्रामीणों ने बजाई ताली, VIDEO:कहा- सबसे ज्यादा शिकायत आपकी है, अभिनंदन करें कि क्या करें; सुशासन तिहार में फटकारा
सुशासन तिहार में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नायब तहसीलदार गजानंद सिदार को जमकर फटकार लगाई।
रायपुर के आरंग के नगर पंचायत समोदा में सुशासन तिहार कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें सांसद बृजमोहन अग्रवाल शिकायत मिलने पर भड़क गए। उन्होंने नायब तहसीलदार गजानंद सिदार को जमकर फटकार लगाते हुए कहा कि, आपका अभिनंदन करें कि क्या करें बताओ। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पढ़ें पूरी खबर…
