मोतिहारी में एक फीट जमीन के विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। यह घटना शिकारगंज थाना क्षेत्र के चमही गांव में हुई। मृतक की पहचान गांव निवासी रामचंद्र राउत के बेटे आलोक पटेल(33) के रूप में हुई है। मृतक के भाई ने पुलिस को बताया कि उनके पड़ोसी शंकर साह का घर उनके घर के पास ही है। शंकर साह ने पहले अपना घर बनाते समय एक फीट जमीन छोड़ी थी। हालांकि, जब शंकर साह ने अपना नया निर्माण शुरू किया, तो उन्होंने वह जमीन नहीं छोड़ी, जिससे दोनों पक्षों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया। विवाद को सुलझाने के लिए दोनों पक्षों के बीच एक पंचायत हुई थी। पंचायत में यह तय किया गया था कि 25 मई को अमीन द्वारा जमीन की नापी कराई जाएगी। नापी से चाकू मारकर की हत्या हालांकि, नापी से पहले ही शुक्रवार शाम को शंकर साह अपने परिवार के साथ आलोक के घर पर आ गए और गाली-गलौज करने लगे। इस दौरान उन्होंने आलोक के पिता के साथ मारपीट भी की। जब आलोक बीच-बचाव करने पहुंचे, तो उनके सीने में चाकू मार दिया गया। आलोक की मौके पर ही मौत हो गई। उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों के अनुसार, आलोक चार भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके दो छोटे बेटे हैं, जिनकी उम्र लगभग 10 और 8 वर्ष है। आलोक गाड़ी चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। दोनों पक्षों के बीच पिछले एक सप्ताह से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इस विवाद को सुलझाने के लिए चार बार पंचायत भी हुई थी, जिसमें 25 मई को जमीन की नापी कराने का फैसला लिया गया था। मुख्य आरोपी गिरफ्तार, चाकू बरामद शिकारगंज थानाध्यक्ष गोपाल कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 11 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें मुख्य आरोपी संतोष साह और 4 महिलाएं भी शामिल है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है। घटना की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। फिलहाल परिजनों की ओर से आवेदन नहीं दिया गया है।
Source link
