सिरसा जिले में रानिया के बीडीपीओ कार्यालय में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की हड़ताल नौ दिनों से जारी है। इस हड़ताल को समर्थन देने के लिए नगर पालिका कर्मचारी संघ के इकाई प्रधान सोमपाल पुहाल और कोषाध्यक्ष सुखविंदर पाल पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं और उनकी मांगों का समर्थन किया। ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में 20 वर्षों से कार्यरत कच्चे कर्मचारियों को स्थायी करना शामिल है। 400 की आबादी पर एक सफाई कर्मचारी की नियुक्ति, सालाना औजार खरीद राशि बढ़ाने और ड्यूटी के दौरान मृत्यु होने पर परिवार को ₹50 लाख मुआवजा देने की भी मांग कर रहे हैं। इस अवसर पर ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन के ब्लॉक प्रधान रणजीत सिंह और सिरसा जिला प्रधान सोनू भी उपस्थित रहे। इकाई प्रधान सोमपाल पुहाल ने कहा कि 50 से 55 वर्ष की आयु में भी ग्रामीण सफाई कर्मचारी स्थायी होने का इंतजार कर रहे हैं। कैबिनेट मंत्री के आवास पर महापड़ाव की चेतावनी उन्होंने गांवों के सरपंचों और ग्रामवासियों से अपील की कि वे हड़ताल का समर्थन करें और सरकार पर मांगों को स्वीकार करने का दबाव बनाएं। इस दौरान जानकारी दी गई कि 24 और 25 मई को ग्रामीण सफाई कर्मचारी अपनी मांगों के समर्थन में कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी के नरवाना स्थित आवास पर दो दिवसीय महापड़ाव डालेंगे। इस महापड़ाव में बड़ी संख्या में कर्मचारियों के शामिल होने की उम्मीद है। कर्मचारी नेताओं ने सरकार से कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
Source link
