मुख्य बातें

सीमेंट बल्कर में जिंदा जला चालक: रीवा में पेड़ से टकराकर भड़की आग; केबिन में फंसे होने से नहीं मिला बचने का मौका – Rewa News

सीमेंट बल्कर में जिंदा जला चालक:  रीवा में पेड़ से टकराकर भड़की आग; केबिन में फंसे होने से नहीं मिला बचने का मौका – Rewa News

रीवा जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रीवा-सीधी मार्ग पर गहरी पकरा गांव के समीप सीमेंट से लदा एक बल्कर अनियंत्रित होकर आम के पेड़ से टकरा गया। टक्कर के बाद वाहन पलट गया और उसमें भीषण आग लग गई। इस खौफनाक हादसे में चालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और वह केबिन में ही जिंदा जल गया। जानकारी के अनुसार, सीमेंट से भरा बल्कर वाहन (MP 19 HA 6094) बरिगवां से सतना स्थित बिरला प्लांट की ओर जा रहा था। शुक्रवार रात करीब 2 बजे गहरी पकरा गांव के पास तेज रफ्तार बल्कर से चालक का नियंत्रण छूट गया। अनियंत्रित वाहन सड़क किनारे खड़े एक आम के पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन पलट गया और कुछ ही सेकंड के भीतर उसमें भीषण आग भड़क उठी। केबिन में फंसा चालक, दर्दनाक मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पलटने के तुरंत बाद आग ने पूरे बल्कर को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को बाहर निकलने का जरा भी मौका नहीं मिला। केबिन में फंसे होने के कारण उसकी मौके पर ही जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को जलाकर राख के ढेर में तब्दील कर दिया। सीधी का रहने वाला था मृतक चालक
देर रात सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने धधकते हुए वाहन को देखकर डायल 112 और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गुढ़ थाने के सहायक उपनिरीक्षक सुरेश साकेत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने और राहत कार्य शुरू किया गया, लेकिन तब तक चालक की जान जा चुकी थी। पुलिस की शुरुआती जांच में मृतक की पहचान 36 वर्षीय ब्रिजेश गौतम (पुत्र छोटेराम गौतम, निवासी ग्राम सतोहरी धनहा, जिला सीधी) के रूप में हुई है। यातायात कराया बहाल, जांच में जुटी पुलिस
इस दर्दनाक हादसे के कारण रीवा-सीधी मार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। गुढ़ थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *