पठानकोट के हल्का भोआ स्थित तारागढ़ गैस एजेंसी में उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। लोगों ने एजेंसी पर मनमानी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बुकिंग और भुगतान के बावजूद उन्हें घंटों इंतजार के बाद खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने बताया कि सिलेंडर न मिलने के कारण उन्हें दैनिक कार्यों में भारी परेशानी हो रही है। खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग सुबह से एजेंसी के बाहर लंबी कतारों में खड़े रहते हैं, लेकिन उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। गुस्साए लोगों का कहना है कि वे रोजाना एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें केवल इंतजार करने को कहा जा रहा है। इस स्थिति से आम जनता में भारी नाराजगी है। एजेंसी के मैनेजर बोले- पर्याप्त स्टॉक नहीं मिल पा रहा इस संबंध में गैस एजेंसी के मैनेजर कमल सिंह ने बताया कि एजेंसी को पीछे से पर्याप्त स्टॉक नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि सामान्य तौर पर एजेंसी के लिए 12 गाड़ियां आती हैं, लेकिन इस बार केवल 6 गाड़ियां ही पहुंची हैं, जिसके कारण सिलेंडरों की कमी बनी हुई है। मैनेजर ने उपभोक्ताओं को आश्वासन दिया कि जैसे ही नया स्टॉक पहुंचेगा, सभी को जल्द ही सिलेंडर उपलब्ध करवाए जाएंगे। दूसरी ओर, लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस आपूर्ति व्यवस्था को जल्द से जल्द सुचारु बनाया जाए ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
Source link
