मुख्य बातें

रजही डैम में डूबने से छात्र की मौत: दोस्तों के साथ नहाने पहुंचा था, ट्यूब के दूर जाते ही गहरे पानी में डूबा – Balod News

रजही डैम में डूबने से छात्र की मौत:  दोस्तों के साथ नहाने पहुंचा था, ट्यूब के दूर जाते ही गहरे पानी में डूबा – Balod News

बालोद जिले के दल्लीराजहरा से करीब 6 किमी दूर स्थित रजही डैम में सोमवार को नहाने गए 17 साल के छात्र की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मानपुर चौक खम्हारटोला निवासी अनीश कौशल के रूप में हुई है। वह रायपुर के प्रयास स्कूल में 11वीं का छात्र था और गर्मी की छुट्टियों में घर आया हुआ था। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 11 बजे अनीश अपने 3-4 दोस्तों के साथ रजही डैम नहाने गया था। सभी दोस्त कार के टायर में हवा भरकर पानी में तैर रहे थे। इसी दौरान टायर पानी की लहरों के साथ दूर बहने लगा। उसे पकड़ने के प्रयास में अनीश गहरे पानी की ओर पहुंच गया और डूबने लगा। रिश्तेदारों के अनुसार अनीश को अच्छी तरह तैरना नहीं आता था। जिस जगह वह डूबा, वहां करीब 30 फीट गहरा पानी बताया जा रहा है। साथियों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों और परिजनों को घटना की सूचना दी। एसडीआरएफ ने बरामद किया शव सूचना मिलते ही सीएसपी विकास पाटले पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन डैम में अधिक गहराई और दलदल होने के कारण काफी परेशानी हुई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने करीब सात घंटे तक जाल और कांटों की मदद से तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद दुर्ग से एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। देर शाम टीम आधुनिक उपकरणों और बोट के साथ मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने शव को बाहर निकाला। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। घर का छोटा बेटा था अनीश अनीश दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता का निधन बचपन में ही हो गया था। मां मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती है। अनीश पढ़ाई में मेधावी छात्र बताया जा रहा है। उसकी मौत के बाद परिवार और मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है। सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग स्थानीय लोगों का कहना है कि रजही डैम में पहले भी डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन यहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। लोगों ने डैम के आसपास चेतावनी बोर्ड, फेंसिंग और सुरक्षा गार्ड तैनात करने की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *