हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के अर्की में पंचायत चुनाव को लेकर हुई बहसबाजी के बाद एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी कुनाल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान अश्वनी पुत्र राम रत्न निवासी गांव डवारू (दाड़लाघाट) के रूप में हुई है। बयान में दीपक कुमार उर्फ शशि पुत्र राम दत्त शर्मा निवासी गांव कोटला पुजारिया (दाड़लाघाट) ने बताया कि 24 मई की रात वह और अश्वनी साथ थे और उन्होंने शराब पी थी। 25 मई को वह दोनों जालपा माता मंदिर स्यार गए, जहां उनकी मुलाकात कुनाल पुत्र पाली निवासी स्यार से हुई। इसके बाद तीनों शराब लेकर गांव के पास जंगल में चले गए और देर शाम तक शराब पीते रहे। इसी दौरान पंचायत चुनाव को लेकर कुनाल और अश्वनी के बीच कहासुनी शुरू हो गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, अश्वनी ने कुनाल से कहा कि उसका ताऊ जय चंद नहीं जीतेगा, जिसके बाद दोनों के बीच बहस बढ़ गई। बाद में तीनों स्यार स्थित शर्मा ढाबा से खाना पैक करवाकर तपन पुत्र मस्तराम निवासी स्यार के घर पहुंचे। वहां बालकनी में बैठकर शराब पीने के दौरान दोनों के बीच फिर विवाद और गाली-गलौज शुरू हो गई। दीपक और तपन ने कुनाल को कमरे के अंदर बैठा दिया। रात करीब साढ़े नौ बजे कुनाल गुस्से में बाहर आया और अश्वनी को जोर का धक्का दे दिया, जिससे वह बालकनी से नीचे गिर गया। घटना के बाद सभी लोग तुरंत नीचे पहुंचे, जहां अश्वनी बेसुध पड़ा था और उसके हाथ व बाएं कान से खून निकल रहा था। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज 108 एम्बुलेंस की सहायता से उसे अर्की अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डीएसपी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी कुनाल के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source link
