ग्वालियर के आर्य नगर इलाके में मंगलवार शाम को सदर बाजार के एक सराफा कारोबारी ने फांसी ली। पति को फंदे पर लटका देख उनकी पत्नी ने रोते हुए बेटे को जानकारी दी। बेटा अपनी दुकान से दौड़ता हुआ घर पहुंचा। पिता फंदे पर लटके देख तत्काल उसने चाकू से फंदा काटा और हॉस्पिटल लेकर गया। वहां डॉक्टर ने कारोबारी को मृत घोषित कर दिया। घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर जांच शुरू कर दी है। मुरार थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आर्य नगर निवासी श्रीकृष्ण सोनी की मुरार सदर बाजार में सोने-चांदी की दुकान है। शाम करीब 4 बजे उनका 28 वर्षीय बेटा आशुतोष सोनी रोज की तरह दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान उसके मोबाइल पर मां अर्चना सोनी का फोन आया। मां फोन पर बिलख-बिलख कर रो रही थीं और उन्होंने आशुतोष को तुरंत घर आने के लिए कहा। मां को इस हाल में देखकर आशुतोष घबरा गया और दुकान छोड़कर तुरंत घर के लिए भागा। बेटे ने चाकू से तार काटकर पिता को उतारा आशुतोष जब घर पहुंचा तो मां अर्चना और दादी लक्ष्मी सोनी जोर-जोर से रो रही थीं। मां ने रोते हुए बताया कि उसके पिता ने अंदर कमरे में फांसी लगा ली है। आशुतोष भागकर कमरे में गया तो देखा कि उसके पिता श्रीकृष्ण सोनी छत के कुंदे से लोहे का तार का फंदा बनाकर लटके हुए थे। उसने तुरंत फंदे को खोलने का प्रयास किया, लेकिन तार कस जाने के कारण वह हाथ से नहीं खुला। इसके बाद आशुतोष ने रसोई से चाकू लाकर तार को काटा और पिता के शव को नीचे उतारा। उस वक्त पिता की नब्ज हल्की चल रही थी और वह बेहोश थे। अस्पताल ले भागे परिजन, लेकिन नहीं बची जान आशुतोष तुरंत अपने परिजनों की मदद से अचेत पिता को कार में डालकर इलाज के लिए गोला का मंदिर स्थित बिरला अस्पताल लेकर भागा। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद श्रीकृष्ण सोनी को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, अस्पताल लाने से कुछ देर पहले ही वह दम तोड़ चुके थे। तनाव या व्यापारिक घाटा? जांच में जुटी पुलिस घटना की सूचना मिलते ही मुरार थाना पुलिस की टीम अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर उसे पोस्टमार्टम (PM) हाउस भेज दिया है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के कारणों को लेकर रहस्य गहरा गया है। पुलिस इसी थ्योरी पर काम कर रही है कि खुदकुशी के लिए पीछे की वजह क्या है। कोई तनाव, व्यापारिक घाटा या फिर गृह क्लेश। टीआई मुरार मैना पटेल ने बताया- एक सराफा कारोबारी द्वारा फांसी लगाकर जान दिए जाने के मामले में मर्ग कायम कर डायरी जांच में ले ली गई है। फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि उन्होंने किन कारणों या मानसिक तनाव के चलते यह आत्मघाती कदम उठाया। फिलहाल जांच जारी है।
Source link
