जयपुर पुलिस की सीएसटी टीम ने ऑपरेशन गैंग माफिया के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पीजी संचालक से रंगदारी मांगने और हाथ-पैर तुड़वाने की धमकी देने वाले कुख्यात अपराधी विक्रम गुर्जर उर्फ लादेन को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को आरोपी को पुलिस थाना शिप्रापथ क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दबोचा गया। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बयाता कि गिरफ्तार आरोपी विक्रम गुर्जर उर्फ लादेन पुत्र हंसराज गुर्जर निवासी पहाड़ी, थाना सदर बहरोड़ का रहने वाला है। आरोपी का आपराधिक इतिहास बेहद गंभीर है और उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, जमीनों पर कब्जा, भय पैदा कर वसूली, सरकारी कर्मचारियों से मारपीट, अवैध हथियार रखने सहित करीब तीन दर्जन संगीन मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी राजस्थान के टॉप-10 हार्डकोर अपराधियों में शामिल माना जाता है। पुलिस जांच में सामने आया कि विक्रम उर्फ लादेन पहले कुख्यात गैंगस्टर पपला गुर्जर का दुश्मन था, लेकिन बाद में उसका करीबी बन गया। इसके अलावा वह हरियाणा की चिकू गैंग का भी सदस्य रह चुका है। सीएसटी पुलिस के अनुसार आरोपी जयपुर में फरारी काट रहा था और मानसरोवर इलाके में पीजी संचालकों से अवैध वसूली शुरू करने की तैयारी में था। इसी दौरान उसने पीजी संचालक अनुप सिंह को फोन कर हर माह एक लाख रुपए की रंगदारी मांगी। रकम नहीं देने पर हाथ-पैर तुड़वाने की धमकी दी गई थी। मामले में शिप्रापथ थाने में मुकदमा दर्ज होने के बाद सीएसटी टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क, गैंग कनेक्शन और जयपुर में सक्रिय अन्य बदमाशों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
Source link
