भास्कर न्यूज | सरायकेला जिले में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम उप विकास आयुक्त रीना हांसदा की उपस्थिति में जिला समाज कल्याण शाखा, निदेशालय एवं आईपीसी ग्लोबल के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर, जिले के सभी सीडीपीओ, महिला पर्यवेक्षिकाएं, संबंधित कर्मी एवं मास्टर ट्रेनरों ने भाग लिया। आईपीसी ग्लोबल के ट्रेनिंग एंड आईईसी एक्सपर्ट मृत्युंजय नायक भी मौजूद रहे। मास्टर ट्रेनर अलका इंदवार एवं शुभम महापात्र ने विभिन्न तकनीकी सत्रों का संचालन किया। कार्यक्रम में लाभुक पंजीकरण, पोर्टल संचालन, आवेदन प्रक्रिया, लाभुक स्वीकृति, डीबीटी भुगतान, फेस ऑथेंटिकेशन, आधार सीडिंग, एनपीसीआई मैपिंग एवं लंबित मामलों के निष्पादन से संबंधित प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच के 30 दिनों के भीतर लाभुकों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र महिलाओं को समय पर योजना का लाभ मिल सके। उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी संचालन सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी कर्मियों को संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। वहीं जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने प्रशिक्षण में मिली जानकारी को प्रखंड एवं आंगनवाड़ी स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया।कार्यक्रम में प्रतिभागियों को योजना के विभिन्न मॉड्यूल पर व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
Source link
