मंडला जिले में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 8.5 डिग्री दर्ज किया गया। कान्हा नेशनल पार्क के भिलवानी क्षेत्र में तापमान 7.6 डिग्री रहा, जो जिले में सबसे कम था।
.
सुबह के समय पूरे जिले में घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलीटी काफी कम हो गई। विशेषकर नदी और उसके आसपास के क्षेत्रों में कोहरे की सघनता अधिक थी। वाहन चालकों को आवाजाही में कुछ कठिनाई का सामना करना पड़ा, हालांकि धूप निकलने के बाद कोहरा छंट गया।
कान्हा नेशनल पार्क के अन्य हिस्सों में भी शुक्रवार सुबह कम तापमान दर्ज किया गया। कान्हा रेंज में 8.3 डिग्री, किसली में 9.8 डिग्री, सूपखार में 8.2 डिग्री और मुक्की में 10.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। कड़ाके की ठंड के बावजूद, बड़ी संख्या में पर्यटक सफारी का आनंद लेने के लिए पहुंच रहे हैं।
कोहरे में हैडलाइट जलाकर चले वाहन चालक।

लोग जगह-जगह अलाव तापते दिखे।
विभाग के अनुसार मौसम में बदलाव की संभावना नहीं
दिसंबर के पहले हफ्ते से ही जिले का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है। गुरुवार को मंडला शहर का न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री और अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री दर्ज किया गया था। दिन भर चली हवाओं के कारण दिन में भी ठंड का एहसास हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर पूर्व भारत के ऊपर 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 260 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं सक्रिय हैं। 27 दिसंबर से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय को प्रभावित कर सकता है। मध्य प्रदेश में मौसम साफ बना हुआ है और आगामी दिनों में मौसम में कोई विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है।
जिले में बीते कुछ दिनों से न्यूनतम तापमान लगातार 7 से 9 डिग्री के बीच बना हुआ है। 20 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री दर्ज किया गया था, जबकि 21 दिसंबर को यह 7.5 डिग्री रहा। अधिकतम तापमान आमतौर पर 26 से 28 डिग्री के बीच रहा है।
जिले में बीते 14 दिनों के न्यूनतम और अधिकतम तापमान
| तारीख | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| 25 दिसंबर | 9.2°C | 27.2°C |
| 24 दिसंबर | 9.0°C | 28.0°C |
| 23 दिसंबर | 8.6°C | 28.0°C |
| 22 दिसंबर | 08.2°C | 26.4°C |
| 21 दिसंबर | 07.5°C | 27.0°C |
| 20 दिसंबर | 07.3°C | 27.0°C |
| 19 दिसंबर | 07.7°C | 23.5°C |
| 18 दिसंबर | 08.2°C | 27.0°C |
| 17 दिसंबर | 08.1°C | 28.0°C |
| 16 दिसंबर | 08.2°C | 27.0°C |
| 15 दिसंबर | 08.5°C | 28.4°C |
| 14 दिसंबर | 08.5°C | 27.0°C |
| 13 दिसंबर | 08.2°C | 28.6°C |
| 12 दिसंबर | 07.6°C | 28.6°C |
