सीधी जिले के सिहावल विकासखंड अंतर्गत सिहावल विधानसभा क्षेत्र में वोटर लिस्ट से नाम काटे जाने को लेकर आक्रोश देखा गया। ग्राम बमुरी, मेढ़ौली, राजगढ़, विठौली, कुनझुन बघोर सहित कई ग्राम पंचायतों में बड़ी संख्या में वोटर्स, विशेषकर मुस्लिम समाज के लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जाने के आरोप सामने आए हैं। यह कार्रवाई एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) फॉर्म की प्रक्रिया के दौरान हुई। वोटर्स सड़कों पर उतर आए, निष्पक्ष जांच की मांग की इस कार्रवाई के विरोध में क्षेत्र के लोग सड़कों पर उतर आए और निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र की जनता और प्रभावित मतदाताओं ने सिहावल तहसीलदार परमसुख बंसल को ज्ञापन दिया। इस मौके पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमान सिंह, जनपद पंचायत सिहावल के उपाध्यक्ष मनोज सिंह, जनपद सदस्य जगजीवन लाल पटेल, रवी सिंह, रामदयाल, इकबाल अंसारी सहित सैकड़ों नागरिक मौजूद रहे। मतदाता सूची त्रुटियों की जांच कर नाम बहाली की मांग ज्ञापन में कहा गया कि बिना पर्याप्त सूचना और ठोस कारण के मतदाता सूची से नाम हटाना लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा प्रहार है। लोगों ने मांग की कि मतदाता सूची में हुई कथित त्रुटियों की पारदर्शी जांच कराई जाए और वास्तविक मतदाताओं के नाम तत्काल बहाल किए जाएं। 13 हजार मतदाताओं के नाम कटने का आरोप जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमान सिंह ने आरोप लगाया कि सिहावल विधानसभा क्षेत्र में करीब 13 हजार से अधिक मतदाताओं के नाम काटे गए हैं, जिनमें अधिकांश मुस्लिम समाज से हैं। उन्होंने कहा कि एक वर्ग विशेष को लक्षित कर एसआईआर की प्रक्रिया के तहत नाम हटाए गए हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है। वहीं, तहसीलदार परमसुख बंसल ने बताया कि प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। एसआईआर में त्रुटि पर बीएलओ पर होगी कार्रवाई उन्होंने स्पष्ट किया कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत दावा-आपत्ति का समय दिया गया था और यदि किसी मतदाता का नाम गलती से हट गया है, तो वह संबंधित बीएलओ के पास जाकर अपनी आपत्ति दर्ज करा सकता है। प्रशासन का दावा है कि जहां भी त्रुटियां पाई जाएंगी, उन्हें नियमानुसार दुरुस्त किया जाएगा। यह ज्ञापन शनिवार सुबह 9:30 बजे सिहावल तहसील कार्यालय में दिया गया, जिसके बाद प्रशासन ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
Source link
