![]()
मध्यप्रदेश शासन ने शनिवार देर रात भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों के तबादले किए। जारी सूची के अनुसार, मंडला पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा का स्थानांतरण कर उन्हें छतरपुर जिले की कमान सौंपी गई है। वहीं, राजेश रघुवंशी को मंडला जिले का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी रजत सकलेचा ने 28 मार्च 2023 को मंडला एसपी का पदभार संभाला था। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने नक्सल उन्मूलन अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अतिरिक्त, नवंबर 2025 में मंडला शहर स्थित आयुषी ज्वेलर्स में हुई डकैती और गोलीकांड की घटना का त्वरित खुलासा कर उन्होंने प्रदेशभर में सुर्खियां बटोरी थीं। पुलिस टीम ने विभिन्न राज्यों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिसकी व्यापक सराहना हुई थी। जिले में नए एसपी बने राजेश रघुवंशी मंडला के नए एसपी राजेश रघुवंशी 1998 बैच के राज्य पुलिस सेवा के अधिकारी हैं। भारत सरकार की ओर से 24 दिसंबर 2025 को जारी अधिसूचना के तहत उन्हें आईपीएस अवार्ड किया गया था। इससे पहले वे खंडवा जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थ थे। अब मंडला जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना, अपराधों पर नियंत्रण और नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाना नए एसपी राजेश रघुवंशी के समक्ष प्रमुख चुनौतियां होंगी।
Source link
