मुख्य बातें

करनाल की यमुना में नहाते समय डूबा बच्चा: बुग्गी पर बैठकर आया था; ढूंढने का नाटक करता रहा पड़ोसी – Gharaunda News

करनाल की यमुना में नहाते समय डूबा बच्चा:  बुग्गी पर बैठकर आया था; ढूंढने का नाटक करता रहा पड़ोसी – Gharaunda News

करनाल जिले के डबकौली इलाके में यमुना नदी में 13 साल के बच्चे के डूबने का मामला सामने आया है। बच्चा अपने पड़ोसी के साथ बुग्गी में बैठकर यमुना पर गया था, जहां नहाते समय उसके डूबने की बात कही जा रही है। घटना के बाद पड़ोसी ने गांव में किसी को भी डूबने की जानकारी नहीं दी और उल्टा लोगों के साथ मिलकर बच्चे को ढूंढने का नाटक करता रहा। परिजनों की शिकायत के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और अब एसडीआरएफ की टीमें बच्चे की तलाश में जुटी हैं, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। रेत लेने के बहाने यमुना लेकर गया पड़ोसी रविवार को 13 वर्षीय यश अपने पड़ोसी रोहित के साथ यमुना नदी पर गया था। बताया गया कि रोहित रेत लेने के लिए यमुना जा रहा था और यश उसकी बग्गी में बैठकर साथ चला गया। कुछ समय बाद रोहित अकेला ही घर लौट आया, लेकिन यश वापस नहीं आया। शाम होने तक जब यश घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। डूबने की बात छिपाता रहा पड़ोसी परिजनों का आरोप है कि रोहित को यश के यमुना में डूबने की जानकारी थी, इसके बावजूद उसने गांव में किसी को कुछ नहीं बताया। वह अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर यश को ढूंढने का नाटक करता रहा। जब परिजनों ने उससे बार-बार पूछताछ की, तो उसने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को मामले की सूचना दी। जब गांव के सीसीटीवी कैमरे चेक हुए तो यश रोहित के साथ बुग्गी में बैठा दिखा। पिता बोले- रोहित ने हमें गुमराह किया यश के पिता सुनील कुमार ने बताया कि उनका बेटा आठवीं कक्षा में पढ़ता था और उसकी एक छोटी बहन भी है। रविवार को सुबह करीब 11 बजे यश रोहित की बग्गी में बैठकर यमुना गया था। शाम तक बेटे का कोई पता नहीं चला। हमने खुद तलाश की और रोहित से भी पूछा, लेकिन उसने कुछ नहीं बताया। बाद में पुलिस में शिकायत दी, तब जाकर सच्चाई सामने आई। अब हमें शक है कि रोहित ने हमारे बेटे के साथ क्या किया, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। सीसीटीवी से खुला राज, पूछताछ में कबूला सच ब्याना चौकी के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर रोहित ने बताया कि यश के लापता होने की शिकायत मिली थी। इसके बाद गांव के सरपंच की मदद से सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए। फुटेज में यश रोहित की बग्गी में बैठकर यमुना की तरफ जाता दिखाई दिया। पूछताछ में रोहित ने बताया कि यश उसके साथ रेत लेने गया था और बाद में यमुना में नहाने लगा, जहां पैर फिसलने से वह डूब गया। पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि रोहित ने डूबने की बात जान बूझकर छिपाई थी। एसडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन जारी पुलिस की सूचना पर एसडीआरएफ की टीमें यमुना नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। कई घंटों की तलाश के बावजूद अभी तक यश का कोई पता नहीं चल पाया है। परिजन सदमे में हैं और लगातार प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *