जींद जिले के बरवाला रोड पर ईक्कस गांव के पास टायरों से लदे एक ट्रक में आग लग गई। आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। इस घटना के कारण बरवाला रोड पर घंटों यातायात बाधित रहा। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की। आग इतनी तेजी से फैली की उसको बुझाने में लगभग तीन घंटे का समय लगा। जानकारी अनुसार, गुजरात की एक फैक्ट्री से ट्रक में जींद के लिए टायर लोड किए गए थे। जींद आ रहा ट्रक जैसे ही ईक्कस गांव की सीमा में पहुंचा, अचानक उसमें से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग ने भड़क उठी और पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। धुआं निकलते देख ड्राइवर ने ट्रक को रोड किनारे रोका और छलांग लगा दी। इससे उसकी जान बच गई। आस पास के लोगों ने ट्रक में आग लगने की सूचना फायरा ब्रिगेड को दी। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने बरवाला रोड पर आवागमन रोक दिया ताकि कोई अन्य वाहन इसकी चपेट में न आए। गुजरात के रहने वाले ट्रक ड्राइवर ने बताया कि.. ट्रक के अंदर टायर भरे हुए थे, जिसे लेकर मैं जींद आ रहा था। जींद पहुंचने से कुछ ही दूरी पहले ट्रक में शॉर्ट सर्किट हो गया। शॉर्ट सर्किट की वजह से अचानक टायरों ने आग पकड़ ली। आग इतनी तेजी से फैली कि मुझे संभलने का मौका नहीं मिला, लेकिन मैं तत्काल ट्रक से बाहर निकलने में कामयाब रहा। लाखों का नुकसान ईक्कस गांव के पास आगजनी की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी। ट्रैफिक को वहां से सावधानी से निकाला गया। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट ही नजर आ रहा है। फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों को आग बुझाने में तीन घंटे का समय लगा। गनीमत रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है, हालांकि ट्रक और उसमें रखे टायर पूरी तरह जलकर राख हो गए हैं।
Source link
