मुख्य बातें

नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के पोस्टर फाड़े: दो गिरफ्तार, अभद्र टिप्पणी भी की थी; कोर्ट से मिली जमानत – Rampur News




रामपुर जिले के मिलक क्षेत्र में नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद के पोस्टर फाड़ने तथा उनके खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई। यह घटना सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद सामने आई। यह मामला रामपुर जिले के मिलक और कैमरी क्षेत्रों से जुड़ा है। यहां सांसद चंद्रशेखर आजाद के पोस्टर क्षतिग्रस्त किए गए और उनके खिलाफ अमर्यादित टिप्पणियां की गईं। घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया।
मिलक थाना पुलिस ने इस संबंध में प्रदीप पटेल (निवासी जगदीशपुर, थाना मिलक) और अमित कुमार (निवासी मेघानंगला जदीद, थाना कैमरी) को गिरफ्तार किया। आरोप है कि दोनों युवकों ने सड़क किनारे लगे विद्युत पोल पर लगे पोस्टरों को फाड़ा और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया था। गिरफ्तारी से पहले एक और वीडियो सामने आया था, जिसमें सांसद का नाम लेकर अमर्यादित टिप्पणी की गई थी। पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र के निर्देश पर कोतवाली प्रभारी पुष्कर सिंह ने तत्काल कार्रवाई की। रात में ही दबिश देकर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने आवश्यक धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया। अदालत ने सुनवाई के बाद दोनों युवकों को जमानत पर रिहा कर दिया। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार किए गए दोनों युवक स्वयं को ‘सनातन रक्षक’ बताते हैं। हालांकि, इस घटना के बाद किसी बड़े संगठन या सामाजिक समूह की ओर से कोई खुली प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की विवेचना कर रही है और सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो की भी गहन जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *