मुख्य बातें

सपा जिला उपाध्यक्ष मखदूम खान गिरफ्तार: श्रमिक विवाद में पुलिस ने की कार्रवाई, ,सपा DM से करेगी मुलाकात – Pilibhit News

सपा जिला उपाध्यक्ष मखदूम खान गिरफ्तार:  श्रमिक विवाद में पुलिस ने की कार्रवाई, ,सपा DM से करेगी मुलाकात – Pilibhit News

पीलीभीत जनपद के अमरिया थाना क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष और ईंट भट्ठा मालिक मखदूम खान को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। एक श्रमिक के साथ मामूली विवाद के बाद हुई इस कार्रवाई ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। समाजवादी पार्टी ने इसे ‘राजनीतिक द्वेष’ से प्रेरित बताया है। मामला मखदूम खान के ईंट भट्ठे पर काम करने वाले श्रमिक मिथुन से जुड़ा है। बुधवार को भट्ठे पर फुकाई का कार्य करने वाले मिथुन और भट्ठा मालिक मखदूम खान के बीच किसी बात को लेकर मामूली कहासुनी हो गई थी। शिकायत पुलिस तक पहुंचने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सपा नेता को हिरासत में ले लिया।
मखदूम खान के परिजनों के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच इस मामले को लेकर आपसी समझौता हो गया था। हालांकि, समझौते के बावजूद पुलिस ने मखदूम खान का शांति भंग (धारा 151) में चालान कर दिया। मखदूम खान के भाई ने आरोप लगाया है कि दोनों पक्षों में सहमति बन चुकी थी, लेकिन भारी राजनीतिक हस्तक्षेप के चलते पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई की। उन्होंने यह भी कहा कि इसी दबाव के कारण देर रात तक उनके भाई को जमानत नहीं मिल पाई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तहसील अमरिया के उप जिलाधिकारी (SDM) मयंक गोस्वामी और सहायक पुलिस अधीक्षक/सीओ सदर नताशा गोयल स्वयं मौके पर उपस्थित रहे। पुलिस का तर्क है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह निरोधात्मक कार्रवाई आवश्यक थी। हालांकि, क्षेत्र में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि एक मामूली विवाद में इतने उच्चाधिकारियों की मौजूदगी क्यों रही। सपा नेता यूसुफ कादरी ने इस पूरी कार्रवाई पर कड़ा रोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सत्ता के दबाव में विपक्ष के नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। कादरी ने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही इस संबंध में जिला अधिकारी (DM) से मुलाकात करेगा और न्याय की मांग करेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *