मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज (एमएलएनएमसी) में प्रथम वर्ष के 166 नए जूनियर रेजिडेंट्स (पीजी छात्रों) ने हाल ही में ज्वाइन कर लिया है। कॉलेज में कुल 185 पीजी सीटें मंजूर हैं जिनमें 13 केंद्रीय कोटा और 6 राज्य कोटा की अभी रिक्त हैं। काउंसलिंग प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही सभी सीटें भर जाएंगी। नए रेजिडेंट्स के शामिल होने से अस्पताल की इमरजेंसी, ट्रॉमा सेंटर, वार्ड्स और ऑपरेशन थिएटर की सेवाओं को मजबूती मिलेगी। मरीजों को समय पर इलाज, बेहतर निगरानी और उच्च गुणवत्ता वाली सर्जिकल सुविधाएं मिल सकेंगी। कानूनी-प्रशासनिक कारणों से काउंसलिंग में छह माह की देरी हुई थी लेकिन अब सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। एनेस्थीसिया विभाग के सहायक आचार्य डॉ. अनिल सिंह ने कहा नए जूनियर रेजिडेंट्स से ऑपरेशन थिएटर की कार्यप्रणाली मजबूत होगी। सर्जरी के दौरान एनेस्थीसिया टीम को बेहतर सपोर्ट मिलेगा। जिससे मरीजों की सुरक्षा और इलाज की गुणवत्ता बढ़ेगी। इस वर्ष कई डॉक्टर उत्तर प्रदेश से बाहर से आए हैं और प्रयागराज के विभिन्न इलाकों में रहकर सेवा दे रहे हैं। एक महिला जूनियर रेजिडेंट ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि हॉस्टल न मिलने से शुरुआत में दिक्कत हुई, लेकिन मेडिकल चौराहे के पास फ्लैट लेकर रह रही हूं। तीन साल के ट्रेनिंग से विशेषज्ञ बनकर मरीजों की बेहतर सेवा करूंगी। वरिष्ठ डॉक्टरों का कहना है कि इससे कार्यभार संतुलित होगा और चिकित्सा शिक्षा व इलाज व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी। शेष सीटें भरने पर कॉलेज फुल कैपेसिटी से चलेगा। जिसका प्रयागराज व आसपास के जिलों के मरीजों को फायदा होगा।
Source link
