उज्जैन | महर्षि पाणिनि संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय के योग विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना विश्वविद्यालय इकाई के संयुक्त तत्वावधान में विश्वविद्यालय के गोद ग्राम मानपुरा (जवासिया कुमार) में नि:शुल्क योग चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के अंतर्गत विद्यार्थियों को स्मरण शक्ति विकास के लिए विशेष योगाभ्यास कराए। शैक्षणिक तनाव को दूर करने के लिए हठ योग के महत्वपूर्ण प्रायोगिक अभ्यास करवाए गए। नाड़ी शोधन, भ्रामरी, ध्यान एवं विविध आसनों के माध्यम से एकाग्रता, मानसिक संतुलन एवं आत्मविश्वास को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया गया। शिविर से लगभग 50 विद्यार्थी एवं ग्राम के विभिन्न नागरिक लाभान्वित हुए। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी डॉ. अजयसिंह राठी, विद्यालय के शिक्षकगण, ग्राम सरपंच मनोज कुमार, सचिव प्रीति चौहान, सरोज शर्मा आैर रूपाली शर्मा सहित योग विभाग के 20 विद्यार्थी उपस्थित थे। कार्यक्रम का समन्वय योग विभाग के आचार्य डॉ. वरुण आहूजा, डॉ. रघुवीर पटेल, ईशा पाटीदार एवं तनिषा शर्मा ने किया।
Source link
