![]()
छिंदवाड़ा के जिला अस्पताल में रविवार दोपहर एक युवती प्रेम प्रसंग के चलते 5वीं मंजिल के छज्जे पर चढ़ गई और नीचे कूदने की धमकी देने लगी। युवती फिनायल पीने के बाद इलाज के लिए अस्पताल पहुंची थी और प्रेमी से बात नहीं हो पाने के कारण उसने यह कदम उठाया। मौके पर मौजूद परिजनों और अन्य लोगों द्वारा करीब 15 मिनट तक समझाइश देने के बाद युवती नीचे उतरने को राजी हुई। वर्तमान में घटना का वीडियो सामने आया है, हालांकि मामले में कोतवाली थाने में अब तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। फिनायल पीकर अस्पताल आई थी, बात न होने पर भड़की जानकारी के अनुसार, युवती का कथित तौर पर एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग है। इसी मामले में उसने फिनायल पी लिया था, जिसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया था। अस्पताल में इलाज के दौरान जब युवती की युवक से बात नहीं हो पाई, तो वह आक्रोशित हो गई। गुस्से में वह पांचवीं मंजिल के छज्जे पर जाकर खड़ी हो गई और आत्महत्या करने की धमकी देने लगी। 15 मिनट चला मान-मनौव्वल, किसी ने बनाया वीडियो युवती को छज्जे पर खड़ा देखकर अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। नीचे मरीजों और उनके परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वहां मौजूद परिजनों और अन्य लोगों ने युवती को समझाना शुरू किया। करीब 15 मिनट तक चले मान-मनौव्वल के बाद युवती छज्जे से नीचे उतरने को तैयार हुई, जिसके बाद मामला शांत हुआ। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान किसी व्यक्ति ने युवती का वीडियो बना लिया, जो अब सामने आया है। कोतवाली में शिकायत नहीं, सिविल सर्जन से नहीं हो सकी बात अस्पताल में हुए इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस का कहना है कि कोतवाली थाने में फिलहाल कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। वहीं, अस्पताल परिसर में हुई इस घटना पर अस्पताल प्रबंधन की ओर से भी अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इस संबंध में सिविल सर्जन से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।
Source link
