मुख्य बातें

सिरसागंज में सामौर बाबा महोत्सव का आयोजन: 5 से 11 मार्च तक चलेगा सात दिवसीय सांस्कृतिक महासंगम – Firozabad News

सिरसागंज में सामौर बाबा महोत्सव का आयोजन:  5 से 11 मार्च तक चलेगा सात दिवसीय सांस्कृतिक महासंगम – Firozabad News

फिरोजाबाद के सिरसागंज स्थित ग्राम करहरा में 5 से 11 मार्च तक सात दिवसीय सामौर बाबा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। प्रसिद्ध सामौर बाबा धाम परिसर में होने वाला यह महोत्सव आस्था, संस्कृति और लोक परंपराओं का केंद्र बनेगा। इसका आयोजन जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद, जिला प्रशासन और सामौर बाबा धाम ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में हो रहा है। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि महोत्सव के दौरान प्रतिदिन शाम 7 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में देवी जागरण, कवि सम्मेलन, शिव नृत्य नाटिका, शिव डमरू नृत्य और संगीतमय प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण होंगी। मंत्री ने कहा कि सामौर बाबा धाम की आध्यात्मिक पृष्ठभूमि में आयोजित यह महोत्सव आगंतुकों के लिए एक विशेष अनुभव होगा। महोत्सव के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। 7 मार्च को विशाल देवी जागरण में प्रसिद्ध भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा अपनी प्रस्तुति देंगे।
8 मार्च को एक कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसमें पद्मश्री से सम्मानित कवि सुनील जोगी, हेमंत पांडेय, राम भदावर, गौरव चौहान, मुकेश मणिकांचन, पद्मिनी शर्मा और योगिता चौहान जैसे कवि अपनी ओजपूर्ण, हास्य और व्यंग्य रचनाएं प्रस्तुत करेंगे। 9 मार्च को वाराणसी के दिव्या श्रीवास्तव समूह द्वारा शिव नृत्य नाटिका का मंचन होगा। प्रयागराज का रुद्राक्ष बैंड संगीतमय प्रस्तुति देगा, और उत्तराखंड का नाद समूह शिव डमरू नृत्य प्रस्तुत करेगा। 10 मार्च को भजन संध्या में गायक कन्हैया मित्तल अपनी प्रस्तुति देंगे। मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य ऐसे आयोजनों के माध्यम से स्थानीय कलाकारों, साहित्यकारों और युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। साथ ही, क्षेत्रीय पर्यटन को नई पहचान दिलाना भी इसका लक्ष्य है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सामौर बाबा महोत्सव फिरोजाबाद की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करेगा और सामौर बाबा धाम को आस्था एवं पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करेगा। यह महोत्सव सिरसागंज क्षेत्र में धार्मिक आस्था के साथ-साथ लोक संस्कृति, साहित्य और संगीत का भी उत्सव होगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *