![]()
हिमाचल में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी जिले के सरकाघाट में 19 वर्षीय छात्रा की हत्या के मामले को लेकर प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि यह घटना राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था और प्रशासनिक विफलता को उजागर करती है। शिमला में आयोजित प्रेस वार्ता में जयराम ठाकुर ने कहा कि कॉलेज जा रही छात्रा पर एक युवक ने धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी, जिससे पूरे प्रदेश में भय और असुरक्षा का माहौल बना है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि यह सामान्य अपराध नहीं, बल्कि कानून व्यवस्था के चरमराने का संकेत है। नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि वह पीड़ित परिवार से मिले हैं और परिवार गहरे सदमे में है। उन्होंने कहा कि छात्रा के पिता, जो निजी वाहन चालक हैं, न्याय की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा- “परिवार का दर्द बेहद पीड़ादायक है, जिसे शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के बावजूद मामले की गहन जांच आवश्यक है। “यह जांच होना चाहिए कि आरोपी अकेला था या इसके पीछे कोई और साजिश भी है,” उन्होंने मांग उठाई। जयराम ठाकुर ने इस घटना को प्रदेश में बढ़ते नशे के प्रचलन से भी जोड़ा। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी में आरोपी के नशे में होने की बात सामने आ रही है, जो चिंताजनक है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि बड़ी संख्या में युवा नशे की चपेट में हैं, तो उनके पुनर्वास और रोकथाम के लिए सरकार ने क्या ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि पिछले तीन वर्षों में प्रदेश में एनडीपीएस के 6200 से अधिक मामले दर्ज हुए हैं और नशे की ओवरडोज से 66 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा महिलाओं के खिलाफ अपराधों में भी वृद्धि दर्ज की जा रही है। नेता प्रतिपक्ष ने सरकार की प्रतिक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद कोई ठोस प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। उन्होंने इसे सरकार की संवेदनहीनता करार दिया। साथ ही उन्होंने क्षेत्र में खराब सड़क व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए कहा कि छात्रा को बस पकड़ने के लिए लंबी दूरी पैदल चलना पड़ता था, जिससे जोखिम बढ़ता है। अंत में जयराम ठाकुर ने मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग करते हुए दोषियों को कड़ी सजा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि यह घटना प्रदेश की बेटियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है और सरकार को इस दिशा में तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
Source link
