मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम श्रीसांवलियाजी मंदिर में गुरुवार को भगवान का भंडार खोला गया और पहले ही दिन 11 करोड़ 11 लाख रुपए की राशि सामने आई। यह भंडार राजभोग आरती के बाद खोला गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा। भंडार खोलने के दौरान मंदिर मंडल के अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव, मंडल के अन्य सदस्य और प्रशासनिक अधिकारी प्रथम शिव शंकर पारीक भी मौजूद रहे। पूरी प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई, ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो। कड़ी सुरक्षा में शुरू हुई गणना, तुरंत बैंक में जमा कराई राशि भंडार खुलते ही उसमें से निकली नगदी की गणना शुरू कर दी गई। पहले दिन गिने गए 11 करोड़ 11 लाख रुपए को तुरंत बैंकों में जमा करा दिया गया। इतनी बड़ी राशि की गणना के लिए मंदिर प्रशासन और बैंक अधिकारियों की टीम मिलकर काम कर रही है। पूरे काम के दौरान सुरक्षा के भी विशेष इंतजाम किए गए हैं, जिससे प्रक्रिया बिना किसी परेशानी के पूरी हो सके। सोना-चांदी की छंटनी शुरू, अभी वजन और गिनती बाकी भंडार से निकले नोटों के साथ-साथ सोना और चांदी की छंटनी का काम भी शुरू कर दिया गया है। हालांकि अभी इनका पूरा वजन करना बाकी है। इसके अलावा भंडार में मिले नोटों की गिनती भी अभी पूरी नहीं हो पाई है। मंदिर मंडल के सदस्य पवन तिवारी के अनुसार, हर वस्तु को अलग-अलग करके सुरक्षित रखा जा रहा है और पूरी प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी जा रही है। भेंटकक्ष और मनीऑर्डर की राशि का हिसाब भी बाकी मंदिर में भंडार के अलावा भेंटकक्ष और मनीऑर्डर के जरिए भी नगदी और सोना-चांदी प्राप्त होता है। इन सभी का हिसाब-किताब भी अभी किया जाना बाकी है। आने वाले दिनों में इन सभी की गिनती और वजन किया जाएगा, जिसके बाद मंदिर की कुल आय का पूरा आंकड़ा सामने आएगा।
Source link
