‘54 साल की थी जब कनाडा में पति ने मुझे तलाक दे दिया। भारत लौटी तो बहुत परेशान थी। यहां मुझे अपने से 20 साल छोटे लड़के निखिल से प्यार हो गया। शादी के लिए जब हम तैयार हुए तो लोगों ने जमकर विरोध किया। निखिल की मां ने मुझसे कहा कि सोचो, अगर तुम्हारा लड़क
.
मैंने जवाब दिया था- हां, मैं भी विरोध करती। फिर उन्होंने कहा- इसलिए चाहती हूं कि निखिल अपने से इतनी बड़ी लड़की से शादी न करे। ये रिश्ता किसी भी तरह सफल नहीं होगा। आखिर बताओ समाज को क्या जवाब दूंगी, रिश्तेदारों से क्या कहूंगी?
इस तरह विरोध जारी रहा, लेकिन आखिर में हमने शादी का फैसला किया। शादी हुई तो लोगों ने खूब तंज कसे। सोशल मीडिया पर मुझे कहा गया- ‘बूढ़ी आंटी ने पूजा-पाठ की उम्र में शादी की है’, कहीं आने-जाने पर जान-पहचान के लोग कहते हैं देखो- मां-बेटे जा रहे।
ब्लैकबोर्ड में कहानी उन महिलाओं की, जिन्होंने अपने से काफी छोटी उम्र के लड़कों से प्यार और शादी की, जिसके बाद लोगों ने उनका जमकर मजाक उड़ाया। आज भी तंज झेल रहे हैं।
निखिल अपने से 20 साल बड़ी गीता से प्यार जताते हुए। दोनों मुंबई में रहते हैं। शुरू में इनके रिश्ते का विरोध हुआ, लेकिन बाद में लोगों ने इन्हें स्वीकार कर लिया।
60 साल की गीता इस समय मुंबई में रहती हैं। वो बताती हैं, ‘मेरी जब पहली शादी हुई तो तीन साल तक पति के साथ भारत में रही। उसके बाद वो मुझे कुवैत, फिर सऊदी अरब ले गए। वहां उन्होंने अच्छा पैसा कमाया। फिर वहां से हम कनाडा चले गए। वहां लगभग 22 साल साथ गुजारे। वहीं हमें एक बेटा भी पैदा हुआ।’
‘सब अच्छा चल रहा था। शादी के 28 साल बीत चुके थे, लेकिन पति एक फिलिस्तीनी लड़की के प्यार में पड़ गए। उन्होंने मुझे तलाक देने का फैसला किया। मेरी तो जैसे दुनिया ही उजड़ गई। मामला कोर्ट भी गया, लेकिन कोई फायदा न हुआ। उन्होंने मुझे तलाक दे दिया। उसके बाद मैं भारत वापस लौट आई।’
गीता बताती हैं, ‘भारत लौटी तो बहुत तनाव में रहने लगी। डिप्रेशन में चली गई। तबीयत इतनी खराब होती कि बेहोश हो जाती। हालत ज्यादा खराब होने पर मेरे मम्मी-पापा साथ आकर रहने लगे। बाद में मेरी भतीजी भी आई’।
एक दिन वो जिद करके मुझे आवारा कुत्तों के टीकाकरण कार्यक्रम में ले गई। वहां एक लड़का मिला। वो मुझे सोशल मीडिया के जरिए पहचानता था। उसने पास आकर कहा- ‘आप गीता हैं न?’ मैंने सिर हिलाकर कहा- ‘हां’। उसने कहा- ‘मैं आपको फेसबुक पर फॉलो करता हूं। मेरा नाम निखिल है।’
उसके बाद वो मेरे घर अक्सर आने-जाने लगा। धीरे-धीरे उसकी मुझसे नजदीकी बढ़ गई। वो मेरा बहुत ख्याल करता और प्यार भी करने लगा। जिस तरह से वो मेरी देखभाल कर रहा था, उसे देखकर मैं भी उससे प्यार करने लगी थी। एक दिन तनाव में मेरी हालत देखकर उसने मेरे मम्मी-पापा से कहा- ‘मैं गीता से शादी करना चाहता हूं। उन्हें संभाल लूंगा’।
लेकिन मेरे मम्मी-पापा ने उसे बहुत समझाया कि ऐसा नहीं हो सकता। आप दोनों की उम्र में 20 साल फर्क है। कोई मेल नहीं है। पर वो नहीं माना, जिद पर अड़ा रहा। आखिर में मम्मी-पापा ने उसे सबसे पहले अपने घर बात करने को कहा और साफ-साफ बताने को कहा कि तुम जिस लड़की से शादी करना चाहते हो, वो 20 साल बड़ी है। निखिल ने कहा- हां अपने घर वालों को ये बात बता दूंगा और उन्हें मना भी लूंगा। उसके बाद वो अपने मम्मी-पापा से मुझसे शादी को लेकर बात की, लेकिन मेरी उम्र के बारे में उनसे कुछ नहीं बताया।
घर लंच पर बुलाया, तो मां-बाप देखकर हुए हैरान
उसके बाद निखिल ने अपनी मम्मी-पापा से मिलवाने के लिए मुझे अपने घर लंच पर बुलाया। घर गई तो उसने अपने मम्मी-पापा से बताया कि यही हैं गीता, जिनसे शादी करना चाहता हूं। फिर तो वे मुझे देखकर बहुत हैरान हुए। उनकी हैरानी देखकर मैं तनाव में आ गई थी। फिलहाल, हमने साथ में लंच किया।
लंच के बाद निखिल की मम्मी मुझे एक अलग कमरे में ले गईं और कहा- ‘गीता आप अच्छी हो, तभी निखिल तुमसे शादी के लिए इतना अड़ा हुआ है। उसे कई लड़कियां दिखाईं, लेकिन वह मान नहीं रहा, लेकिन आप जरा अपनी और उसकी उम्र के बारे में सोचो। आखिर शादी के बाद लोगों से क्या बताऊंगी। हमारी बड़ी बदनामी होगी। मेरी जगह तुम होती तो क्या सोचती?’
उस दिन उनसे कहा कि देखिए मैं और मेरे मम्मी-पापा ने भी निखिल को बहुत समझा चुके हैं, लेकिन वो नहीं मान रहा। अपने तलाक की बात भी उसे बता चुकी हूं। मैं खुद नहीं चाहती कि जिंदगी में आगे चलकर फिर से तलाक जैसी नौबत आए।
उसके बाद मैं और उसके मम्मी-पापा फिर से बहुत समझाने की कोशिश किए, लेकिन वो किसी भी कीमत पर मुझसे शादी करने पर अड़ा रहा। उसके बाद उसकी मम्मी ने कहा- ऐसा करो, तुम दोनों बस दोस्त बनकर रहो, शादी मत करो। मैंने भी कहा- हां यही सही होगा। उसके बाद मैं अपने घर लौट आई। मैं और निखिल दोस्त की तरह रहने लगे, लेकिन उसका समर्पण, मेरी देखभाल करना, दिल जीतने वाला होता था। मुझे भी उससे प्यार हो गया, लेकिन उसकी मुझे चिंता हो रही थी, इसलिए शादी की बात नहीं कह पा रही थी।
एक दिन वो मेरे घर आया और बोला- ‘आज तुम साफ-साफ बता दो, मुझसे शादी करोगी या नहीं। अगर आज वापस गया, तो कभी नहीं लौटूंगा।’ उस दिन मैं बहुत परेशानी में पड़ गई। काफी सोच-विचार कर मैंने ‘हां’ कर दी।
जब ये बात मेरे मम्मी-पापा को पता चली तो वे मुझ पर बहुत नाराज हुए। उन्होंने कहा- तुम्हें ऐसा फैसला नहीं करना चाहिए था। निखिल को अभी अंदाजा नहीं है। वो कुछ सालों में तुम्हें छोड़ देगा। इस पर मैंने कहा कि देखिए मेरी जिंदगी में पहले ही काफी बुरा हो चुका है। आगे भी वैसा ही हो गया तो क्या ही फर्क पड़ेगा। कम से कम कुछ साल तो खुश होकर जी लूंगी।
लड़के के मम्मी-पापा ने अपनाया, किया फूलों से स्वागत
उसके बदा मम्मी-पापा मान गए। लेकिन उन्होंने कहा कि निखिल से कहो कि वो किसी भी तरह अपने घर वालों को मनाए। निखिल ने अपने घर वालों को मनाने की बहुत कोशिश की, लेकिन वे तैयार नहीं हुए। आखिरकार, हमने शादी का फैसला ले लिया। 11 दिसंबर 2020 को हम कोर्ट में शादी के लिए पहुंचे। रजिस्ट्रार ऑफिस में शादी की लिखा-पढ़ी चल ही रही थी कि निखिल के मम्मी-पापा भी पहुंच गए। उन्हें देखकर हम दोनों बहुत खुश हुए। वहां उन्होंने हमें आशीर्वाद दिया। यही नहीं, शादी के बाद जब निखिल के घर गई, तो दरवाजे से लेकर मेरे कमरे तक फूल सजाए गए थे, जिसे देखकर मेरी आंखों में आंसू भर आए।
गीता आगे बताती हैं कि आज हमारी शादी के 5 साल हो चुके हैं। ससुराल में सभी हमें प्यार करते हैं। सबका सहयोग मिलता है। किसी ने कभी भी मेरी उम्र को लेकर मुद्दा नहीं बनाया। अब तो सोशल मीडिया पर लोग हमें देखकर खुश होते हैं। वे हमसे प्यार और शादी टिप्स मांगते हैं।

निखिल और गीता को आशीर्वाद देने पहुंचे उनके मम्मी-पापा। इन लोगों ने तो रिश्ता स्वीकार कर लिया, लेकिन रिश्तेदार और अपने आस-पास के लोग अक्सर ताने मारते हैं।
मम्मी बोलीं- पागल हो गया है, इतनी बड़ी औरत से शादी करेगा
वहीं, उनके पति निखिल बताते हैं कि स्ट्रे डॉग वैक्सीनेशन ड्राइव में गीता से पहली मुलाकात के बाद रिश्ता शादी तक पहुंच जाएगा, मैंने कभी सोचा नहीं था। उस मुलाकात के बाद हमारी दोस्ती धीरे-धीरे गहरी होती चली गई। शुरू में 3 साल हम लगातार मिलते रहे। एक दिन फोन पर जब गीता अपने पति की तलाक की बात बताकर रोने लगीं, तो मैंने कहा था- ‘मुझसे शादी कर लो’।
उस दिन गीता ने कोई जवाब नहीं दिया और फोन काट दिया था। मुझे लगा था कि नाराज हो गईं। फिर मनाने के लिए इनके घर पहुंचा और माफी मांगी थी। उस दिन इन्होंने भी मुझे समझाया था कि हमारे बीच उम्र का बहुत फर्क है। आखिर लोग क्या कहेंगे, हम लोगों के बीच कैसे रह पाएंगे। अच्छा होगा कि हम दोस्त बनकर रहें।
निखिल ने कहा, लेकिन गीता को मैं पसंद करने लगा था। जब अपने मम्मी-पापा से इनसे शादी की बात कही तो वे बहुत नाराज हुए। मम्मी ने तो एक दिन कह दिया- ‘तू पागल हो गया है। इतनी बड़ी औरत से शादी करेगा। किसी मनोचिकित्सक को जाकर दिखा।’
उस दिन मां से कहा था कि गीता भले मुझसे उम्र में 20 साल बड़ी हैं, लेकिन वो बहुत अच्छी हैं। मैं उसके साथ खुश रहूंगा, लेकिन मां नहीं मान रही थीं। दरअसल, उसी समय मेरा भी तलाक हुआ था। मेरे मम्मी-पापा यह सोचकर परेशान थे कि कहीं ये रिश्ता भी लंबा न चला तो फिर क्या होगा, ये भी टूट गया तो?

गीता कहती हैं हमारी शादी के 5 साल हो चुके हैं। ससुराल में कभी भी किसी ने मेरी उम्र को मुद्दा नहीं बनाया। अब तो सोशल मीडिया पर लोग हमसे प्यार और शादी के टिप्स मांगते हैं।
भाई ने मजाक उड़ाया, कहा- भाभी कहूं या बुआ?
मेरे भाई को जब इस बारे में पता चला तो वो भी नाराज हुआ। उनसे कहा- शादी के बाद गीता को भाभी कहूंगा या बुआ? मेरे दोस्तों से भी उसने सारी बात बता दी। दोस्तों ने भी मुझे बहुत समझाया और रोका। लेकिन जब नहीं माना, तो वे मेरा साथ देने को तैयार हो गए थे।
हालांकि, आज मेरे घर वालों ने बेशक ये रिश्ता स्वीकार कर लिया है, लेकिन रिश्तेदार और आस-पास के अक्सर तंज कसते हैं- ‘तूने बूढ़ी आंटी से शादी कर ली।’ कुछ लोगों ने कहा, ‘तुमने गीता से शादी उसके पैसे देखकर की है।’ एक शख्स ने कहा- ‘जरूर उस औरत ने तुम पर जादू-टोना किया होगा।’
सोशल मीडिया पर भी इसी तरह के ताने मिलते हैं। वहां एक दिन गीता को लेकर एक शख्स ने कमेंट किया- ‘आपको इतनी उम्र में शादी करने की क्या जरूरत थी, ये उम्र तो पूजा-पाठ करने की थी’। लेकिन हम इन सारी बातों को नजरअंदाज कर अपने रिश्ते में खुश हैं। आज शादी के 5 साल बाद भी हमारा रिश्ता पहले जैसा मजबूत है।

रिश्ता तय होने से पहले भाई ने मजाक उड़ाते हुए कहा था- भाभी कहूंगा या बुआ। सोशल मीडिया पर इनके ऊपर खूब तंज कसे जाते हैं।
ट्यूशन देते वक्त 9 साल छोटे लड़के से प्यार
इसी तरह आकाश राठी और अरुणिमा बोस राठी ने भी समाज की सोच को चुनौती दी है। कोलकाता की रहने वाली अरुणिमा, आकाश से 9 साल बड़ी हैं, लेकिन उम्र का फर्क उनके रिश्ते में रुकावट नहीं बना अपने रिश्ते के बारे में अरुणिमा कहती हैं- हम एक ही सोसाइटी में रहते थे। हमारे घर आमने-सामने थे। खिड़की खोलते तो एक-दूसरे को देखते थे। शादी से पहले हम पांच साल रिलेशनशिप में रहे।
उस समय आकाश मेरे घर ट्यूशन पढ़ने आते थे। इन्हें SAP (सिस्टम एप्लिकेशन एंड प्रोडक्ट्स इन डेटा प्रोसेसिंग) का ट्यूशन देती थी। साथ हमारी क्वांटम फिजिक्स में दिलचस्पी थी। इस वजह से हमारी दोस्ती और गहरी होती गई। आखिर में प्यार में बदल गई।
उस वक्त आकाश मेरे लिए एक नोटबुक में चिट्ठियां लेकर आते थे। एक दिन एक चिट्ठी मेरी मां के हाथ लग गई। वो पढ़ते ही रो पड़ीं। मामला बाबा (पापा) तक पहुंचा। उसके बाद तो घर में तूफान मच गया। मम्मी ने आकाश को मेरे घर आने से रोक दिया। सुबह साथ में दौड़ना भी बंद हो गया। बाद में तो मैंने मां को तो किसी तरह मना लिया, लेकिन बाबा इस रिश्ते को किसी भी हालत में स्वीकार करने को तैयार नहीं थे।
उधर, आकाश के घर भी बवाल मचा हुआ था। उनके घर में भी इस रिश्ते को कोई स्वीकार करने को तैयार नहीं था। उन्हें 9 साल बड़ी लड़की से शादी मंजूर नहीं थी। आस-पास के लोगों को जब ये बात पता चली तो वे मुझे ताने मारने लगे। कहते- ‘आकाश अरुणिमा को दीदी क्यों नहीं कहता।’
हालांकि, उस कठिन वक्त में भी हम अलग नहीं हुए। मेरी मां मान गई थीं। मैंने आकाश को बुलाया और शादी करने का फैसला कर लिया। शादी तय हुई। बारात में तो मेरे घर से लोग आए। मोहल्ले के लोग भी, जो कि हम पर ताने कसते थे। गिफ्ट देते हुए उन्होंने कहा- आप लोगों की हिम्मत को दाद देनी होगी। हालांकि, आकाश के घर से कोई नहीं आया था।
अरुणिमा बताती हैं कि हम दोनों आज सोशल मीडिया पर ‘ऐज-गैप कपल’ के नाम से कंटेंट बनाते हैं। इसमें लोगों को समझाते हैं कि शादी या रिश्ते में उम्र कोई मायने नहीं रखती। लोग समझते हैं और हमारी तारीफ करते हैं। वे कहते हैं- आप इसी तरह लोगों को जागरूक करते रहिए। उम्र वाकई शादी में कोई मायने नहीं रखती। हालांकि, कुछ बुरे कमेंट भी आते हैं। कुछ लोग तो कहते हैं कि फर्जी ज्ञान मत दीजिए।

कोलकाता के रहने आकाश और अरुणिमा अपनी शादी की रस्म के दौरान। अरुणिमा आकाश को ट्यूशन देती थीं, उसी दौरान दोनों में प्यार हुआ और शादी कर ली।
लड़की छोटी होने पर नॉर्मल, पर बड़ी होने पर क्यों नहीं?
अरुणिमा आगे कहती हैं कि आखिर लड़की का उम्र में बड़ा होना क्यों अजीब माना जाता है। जब उसका छोटा होना अजीब नहीं होता तो बड़ा होना क्यों? अब लोग अपनी सोच बदलें, इसलिए हम सोशल मीडिया पर इसको लेकर कंटेंट बना रहे हैं।
अरुणिमा के पति आकाश कहते हैं कि शादी के बाद जब हम सोशल मीडिया पर पहली बार ‘ऐज गैप’ पर वीडियो कंटेंट लेकर आए, तो लोगों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला। लोगों ने तो इस टॉपिक पर और ज्यादा वीडियो बनाने को कहा। हालांकि, मेरे आस-पास के लोग आज मुझ पर तंज कसते हैं- ‘तुमने तो दीदी से शादी कर ली।’ कोई ‘बेबी बॉय विद आंटी’ कहकर चिढ़ाता है। कुछ लोग ‘मां-बेटा’ कहते हैं।
आकाश समझाते हैं कि आखिर समाज में जो लंबे समय चला आ रहा है, जरूरी है कि वह आगे भी चलता रहे। जब लड़की को उम्र में छोटा होना सामान्य बात माना जाता है, तो उसकी उम्र ज्यादा होना भी उतना ही सामान्य क्यों नहीं? लोगों में गलत धारणा है कि रिश्ते में लड़का ही बड़ा होना चाहिए। वही घर के सारे फैसले ले सकता है। अब समय बदल चुका है। आज लड़कियां हर फैसला ले सकती हैं।
अब मेरी शादी के 7 महीने हो चुके हैं। हमारे बीच कभी कोई मतभेद होता भी है, तो बैठकर सुलझा लेते हैं। शादी के बाद अरुणिमा के घर से मुझे बहुत प्यार मिला। सास तो दोस्त जैसी हैं। अब तो मेरे मम्मी-पापा ने भी इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया है। वे अब मेरी तो कम, अरुणिमा की बात ज्यादा मानते हैं।

आकाश बताते हैं कि मेरी शादी के 7 महीने हो चुके हैं। हमारे बीच कभी कोई मतभेद होता भी है, तो हम बैठकर सुलझा लेते हैं। शादी के बाद अरुणिमा के घर से मुझे बहुत प्यार मिला।
1-ब्लैकबोर्ड- पति पीरियड्स में भी संबंध बनाता था:पीटकर दांत तोड़ा, दूसरी शादी भी 9 दिन चली; वृंदावन में कृष्ण भक्त महिलाओं की कहानियां

वृंदावन आकर रह रहीं हरियाणा की ज्योति बताती हैं- मायके में मेरे ताऊ के लड़के की शादी थी। अपने बेटे कार्तिक के साथ वहां जाने की तैयारी में लगी थी, लेकिन पति चाहते थे कि न जाऊं। जाने से एक दिन पहले वो रात में मेरे कमरे में आए और मुझे पीटने लगे। इतना मारा कि अधमरा कर दिया। कपड़े फाड़ दिए। गर्दन से पकड़ा और मुंह बेड में लड़ा दिया। मेरा एक दांत टूट गया और होंठ कट गए। खून से सारा कपड़ा भीग गया। वो पीरियड्स में भी मेरे साथ सेक्स करता था। आखिरकार मेरा तलाक हो गया।
बाद में मायके के दबाव में आकर दूसरी शादी की। दूसरा पति भी मुझे दहेज के लिए ताने मारने लगा। वो मेरे साथ अननेचुरल सेक्स करता था। शादी के 9 दिन बाद ही मैंने उसे तलाक दे दिया और वृंदावन में कृष्ण की शरण में आ गई। ये कहते हुए ज्योति रोने लगती हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें
2- ब्लैकबोर्ड-मंगेतर ने कुत्तों का खर्च रोका तो सगाई तोड़ दी:लोग तंज कसते-शादी करके क्या करोगी, तुम्हें तो कुत्तों संग अच्छा लगता है

दिल्ली के आजादपुर की भीड़-भाड़ वाली गलियों में जब चंचल शर्मा एक पिल्ले को बचाने गईं, तो वहां मौजूद लोगों ने उन्हें घेर लिया। ‘कुत्ते बचाती हो, इंसान नहीं,’ कहते हुए उनके कपड़े खींचे और धक्का दे दिया। वह किसी तरह जान बचाकर वापस लौटीं।
कुत्तों की देखभाल के कारण चंचल की शादी टूट गई। जिस लड़के से उनकी शादी तय हुई थी, उसने कहा- ‘जो पैसे कुत्तों पर खर्च कर रही हो, उसे बचाओ और आने वाले बच्चों के भविष्य के बारे में सोचो।’ इस पर वो इतना नाराज हुईं कि शादी से 20 दिन पहले सगाई तोड़ दी।
शादी टूटने के बाद चंचल पर तंज कसा गया- इन्हें तो कुत्तों के साथ अच्छा लगता है। क्या करेंगी शादी करके! चंचल रोज लगभग 450 आवारा कुत्तों को खाना खिलाती हैं, जिस पर महीने के लगभग 3 लाख रुपए खर्च करती हैं। इनके रिश्तेदार अब घर नहीं आते, पड़ोसियों ने दूरी बना ली है।
इसी तरह संध्या रस्तोगी ने तो शादी ही नहीं की, डर था कि पति उन्हें इस काम से रोक देगा। उनको ‘कुत्ते वाली आंटी’, पागल कहा जाता है। वहीं मानवी राय के खिलाफ तो ‘एनिमल वेलफेयर’ के नाम पर कुछ लोगों ने झूठे केस दर्ज करा दिए, रेप की धमकियां दीं। पूरी खबर यहां पढ़ें
