पूर्वोत्तर रेलवे पर ‘स्वच्छता ही सेवा-2025’ अभियान की शुरुआत बुधवार को गोरखपुर जंक्शन से की गई। इस मौके पर महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने प्लेटफार्म 1 पर अधिकारियों, कर्मचारियों और विभागाध्यक्षों को स्वच्छता शपथ दिलाई और सभी के साथ श्रमदान किया।
.
‘स्वच्छता ही सेवा-2025’ अभियान के दौरान शपथ दिलाते महाप्रबंधक उदय बोरवणकर
महाप्रबंधक ने कहा कि महात्मा गांधी का सपना सिर्फ राजनीतिक आजादी नहीं, बल्कि एक स्वच्छ और विकसित भारत का भी था। उन्होंने संकल्प दोहराया कि हर नागरिक को वर्ष में 100 घंटे यानी हर हफ्ते कम से कम दो घंटे श्रमदान करना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे न खुद गंदगी करें और न दूसरों को करने दें।

शपथ ग्रहण के बाद महाप्रबंधक ने प्लेटफार्म पर स्वच्छता मशीन चलाई और लगभग 200 मीटर क्षेत्र में सफाई अभियान में श्रमदान किया। इस दौरान उन्होंने महिला सफाई कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को प्लेटफार्म पर पानी व कचरे की निकासी और ड्रेन कवर की मरम्मत कराने का निर्देश दिया।

इसके बाद महाप्रबंधक ने डीजल लॉबी और रनिंग रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने क्रू के आराम के लिए बेड आवंटन व्यवस्था, कमरे, मेस और किचन की स्थिति देखी। खानपान की गुणवत्ता में सुधार, रनिंग रूम की क्षमता बढ़ाने और विद्युत समस्याओं को जल्द सुधारने का निर्देश दिया।
