मुख्य बातें

हिमाचल में आज भी बारिश के आसार: कल-परसों खिलेगी धूप, तापमान में उछाल आएगा, 11 से 13 मई तक फिर बरसेंगे बादल – Shimla News

हिमाचल में आज भी बारिश के आसार:  कल-परसों खिलेगी धूप, तापमान में उछाल आएगा, 11 से 13 मई तक फिर बरसेंगे बादल – Shimla News

हिमाचल प्रदेश के ऊंचे और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शुक्रवार को भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि निचले इलाकों में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। आज भी शिमला समेत ज्यादातर भागों में सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आगामी दो दिन यानी शनिवार और रविवार को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा और धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। हालांकि, यह राहत ज्यादा लंबे समय तक नहीं टिकेगी, क्योंकि 11 मई से एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। IMD के अनुसार 11 मई से प्रदेश में फिर से बारिश का दौर शुरू होगा, जो अगले तीन दिनों तक जारी रह सकता है। विशेष रूप से 12 और 13 मई को कई क्षेत्रों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बारिश से सभी शहरों का पारा सामान्य से नीचे गिरा लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश के अधिकांश शहरों का तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। नाहन में सबसे अधिक गिरावट दर्ज की गई है। यहां तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री नीचे लुढ़ककर 27.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। राजधानी शिमला का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री कम होकर 21.0 डिग्री, सुंदरनगर का 3.9 डिग्री की गिरावट के साथ 30.0 डिग्री और ऊना का 4.3 डिग्री कम होकर 33.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अन्य शहरों में भी पारा सामान्य से नीचे बना हुआ है। मई में अब तक सामान्य से 26% अधिक बारिश मई महीने में अब तक प्रदेश में सामान्य से 26 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। लाहौल-स्पीति, चंबा और किन्नौर को छोड़कर अधिकांश जिलों में सामान्य से कहीं अधिक वर्षा हुई है। बिलासपुर में सबसे ज्यादा 323 प्रतिशत अतिरिक्त बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा सिरमौर में 317 प्रतिशत, ऊना में 275 प्रतिशत, शिमला में 234 प्रतिशत, सोलन में 201 प्रतिशत, हमीरपुर में 188 प्रतिशत, मंडी में 145 प्रतिशत, कांगड़ा में 135 प्रतिशत और कुल्लू में 17 प्रतिशत अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है। लगातार बदलते मौसम ने लोगों को गर्मी से राहत जरूर दी है, लेकिन किसानों और बागवानों की चिंता भी बढ़ा दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *