बूंदी में जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव की अध्यक्षता में सोमवार को समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कलेक्टर ने पर्याप्त भंडारण व्यवस्था और बारदाना की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने आगामी सप्ताह एक और रेलवे रैक लगवाने तथा अन्य वैकल्पिक गोदामों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी खरीद केंद्रों पर छाया, पानी, सुरक्षा और तिरपाल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को भी कहा। साथ ही, गोदामों में पर्याप्त श्रमिकों और स्थान की उपलब्धता पर भी जोर दिया गया। जिला रसद अधिकारी देवराज रवि ने जानकारी दी कि जिले में विभिन्न एजेंसियों के 61 खरीद केंद्रों पर अब तक 200095.60 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है। जिले में कुल 49199 किसानों ने गेहूं खरीद के लिए पंजीकरण करवाया है, जिनमें से 26038 किसानों से खरीद पूरी हो चुकी है। एजेंसियों द्वारा 37722 किसानों को खरीद की तिथि आवंटित की जा चुकी है। शेष 11477 किसानों को आगामी 31 मई से पहले तक सभी लंबित टोकन की खरीद तिथि जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। रवि ने बताया कि जिले से रेलवे रैक के माध्यम से 58000 कट्टे गेहूं बाहर भेजे गए हैं। कुंवारती स्थित राज्य भंडारण निगम के गोदाम सहित अन्य गोदामों में नियमित भंडारण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, आरटीसी के माध्यम से भी गेहूं अन्य जिलों में भेजा जा रहा है। बैठक में प्रवर्तन अधिकारी शिवजीराम जाट भी मौजूद रहे।
Source link
