फतेहगढ़ साहिब के अमलोह थाने की हवालात में एक हवालाती ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 35 वर्षीय दविंदर सिंह के रूप में हुई है, जिसे चोरी के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। इस घटना के बाद परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इंसाफ की मांग की है। मामले की जांच ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट द्वारा शुरू कर दी गई है। अमलोह पुलिस ने दविंदर सिंह को 7 मई को चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया था। अदालत ने उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा था। बताया जा रहा है कि 9 मई की शाम करीब 5 बजे दविंदर सिंह ने हवालात के अंदर कंबल से फंदा बनाकर फांसी लगा ली। पुलिस कर्मचारियों को जानकारी मिलने पर उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाने पहुंचे परिजन घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार के सदस्य अमलोह थाने पहुंच गए और उन्होंने थाने के बाहर प्रदर्शन किया। परिवार ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि पुलिस कर्मचारियों की लापरवाही के कारण दविंदर सिंह की मौत हुई है। परिवार का कहना था कि हवालात में सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद पुलिस ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की। मृतक की माता रानी ने बताया कि पुलिस ने उन्हें फोन पर दविंदर की मौत की सूचना दी। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस ने उन्हें एक वीडियो दिखाया, जिसमें दविंदर चादर को रस्सी बनाकर फांसी लगाते दिख रहा था। माता ने आरोप लगाया कि दविंदर करीब 10 से 15 मिनट तक तड़पता रहा, लेकिन किसी ने उसे बचाने की कोशिश नहीं की। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में एसएसपी फतेहगढ़ साहिब शुभम अग्रवाल ने कहा कि पुलिस हिरासत में हुई मौत को गंभीरता से लिया गया है। नियमों के अनुसार, ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Source link
