टोंक में जिला स्पेशल टीम ने आईपीएल क्रिकेट मैचों पर चल रहे ऑनलाइन सट्टे के मामले में कार्रवाई करते हुए करीब एक करोड़ रुपए से ज्यादा के हार-जीत के हिसाब का खुलासा किया है। सोमवार देर रात सदर थाना क्षेत्र में एनएच-52 के पास स्थित एक फार्म हाउस पर छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मौके से लैपटॉप, टैबलेट, एलईडी टीवी, 9 मोबाइल फोन, जिओ वाई-फाई सिस्टम, कार और क्रिकेट सट्टे से जुड़ी डायरियां जब्त की गई हैं। फार्म हाउस पर चल रहा था ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा जिला स्पेशल टीम प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी ने बताया कि कार्रवाई एसपी राजेश कुमार मीना के आदेश पर, एएसपी रतन लाल भार्गव के निर्देशन और टोंक डीएसपी मृत्युजंय मिश्रा के सुपरविजन में की गई। सोमवार देर रात गुप्त सूचना मिली थी कि सदर थाना क्षेत्र से गुजर रहे जयपुर-कोटा नेशनल हाईवे-52 के पास स्थित भागचंद गुर्जर के फार्म हाउस पर पंजाब-दिल्ली आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाया जा रहा है। छापेमारी में तीन आरोपी गिरफ्तार सूचना के बाद जिला स्पेशल टीम ने मौके पर छापेमार कार्रवाई की और तीन लोगों को मौके से पकड़ा। पुलिस ने वकुल उर्फ बिन्नी (42) पुत्र प्रकाश पंजाबी निवासी तनेजा ब्लॉक आदर्श नगर जयपुर, अमित (45) पुत्र हीरालाल पंजाबी निवासी श्रीराम रेजिडेंसी सिरसी रोड जयपुर और फार्म हाउस मालिक भागचंद गुर्जर (35) पुत्र प्रहलाद गुर्जर निवासी बंबोर गेट टोंक को गिरफ्तार किया है। मौके से मिले मोबाइल, लैपटॉप और हिसाब डायरियां पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लैपटॉप, एक टैबलेट, 9 मोबाइल फोन, एक एलईडी टीवी, जिओ का वाई-फाई सिस्टम और एक कार जब्त की है। मौके से क्रिकेट सट्टे की हिसाब डायरियां भी मिली हैं, जिनमें करीब एक करोड़ रुपए से ज्यादा की हार-जीत का रिकॉर्ड दर्ज मिला। संबंधित थाना पुलिस को सौंपे आरोपी जिला स्पेशल टीम ने जब्त सामान और आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस अब ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जांच कर रही है।
Source link
