हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में इस बार सोनीपत की दो बेटियों ने ऐसा मुकाम हासिल किया, जिसने पूरे जिले को गर्व से भर दिया। हिंदू गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा तनीषा ने कॉमर्स स्ट्रीम में पूरे हरियाणा में तीसरा स्थान हासिल किया। जबकि भारती ने चौथा स्थान प्राप्त कर जिले का नाम प्रदेशभर में रोशन कर दिया। खास बात यह रही कि दोनों छात्राओं के पिता ऑटो ड्राइवर हैं, जिन्होंने दिन-रात मेहनत कर अपनी बेटियों के सपनों को पंख दिए।आर्थिक संघर्षों के बावजूद बेटियों ने मेहनत, अनुशासन और लगन से यह साबित कर दिया कि सफलता हालात नहीं, हौसलों से तय होती है। दोनों छात्राओं ने न केवल प्रदेश की मेरिट में जगह बनाई, बल्कि सोनीपत जिले में पहला और दूसरा स्थान भी हासिल किया। स्कूल में परिणाम आने के बाद जश्न जैसा माहौल रहा। शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई। स्कूल की प्रिंसिपल किरण गुप्ता ने इसे विद्यालय के लिए “दिवाली जैसा दिन” बताया। ऑटो चला रहे पिता, बेटी ने हरियाणा में हासिल किया तीसरा स्थान आर्य नगर निवासी तनीषा के पिता पिछले 22 वर्षों से ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। रोज सुबह छह बजे घर से निकलकर देर शाम तक मेहनत करने वाले पिता की तपस्या आज बेटी की सफलता में दिखाई दी। तनीषा ने कॉमर्स स्ट्रीम में हरियाणा में तीसरा स्थान हासिल कर परिवार और जिले का गौरव बढ़ाया। तनीषा ने बताया कि उसकी सफलता का सबसे बड़ा श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और स्कूल स्टाफ को जाता है। उसने इंग्लिश और बिजनेस स्टडीज में 100 में से 100 अंक प्राप्त किए। भावुक होते हुए उसने कहा कि उसके पिता ने जिंदगी भर संघर्ष किया है और आज उनकी मेहनत रंग लाई है। “घंटे नहीं, पढ़ाई के प्रति समर्पण जरूरी”
तनीषा ने कहा कि सफलता के लिए लंबे समय तक पढ़ाई करना जरूरी नहीं, बल्कि पढ़ाई के प्रति ईमानदारी और समर्पण जरूरी है। उसने बताया कि वह कम समय पढ़ती थी, लेकिन पूरी एकाग्रता और लगन से पढ़ाई करती थी।
तनीषा आध्यात्मिक गतिविधियों से भी जुड़ी हुई है। खाली समय में सत्संग में जाती है, डांस करती है और खुद को मानसिक व शारीरिक रूप से फिट रखने के लिए एक्सरसाइज भी करती है। उसने बताया कि वह संयुक्त परिवार में रहती है, जहां पूरे परिवार का उसे भरपूर सहयोग मिला। एनडीए पास कर आर्मी ऑफिसर बनना चाहती है तनीषा तनीषा का सपना भारतीय सेना में अधिकारी बनने का है। उसने कहा कि वह एनडीए की तैयारी करेगी और सेना में जाकर देश सेवा करना चाहती है। उसके पिता भी चाहते हैं कि उनकी बेटी आर्मी ऑफिसर बने।
तनीषा की मां प्रमिला ने बताया कि उन्होंने खुद केवल दसवीं तक पढ़ाई की, क्योंकि परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। मगर उन्होंने ठान लिया था कि अपनी बेटी की पढ़ाई कभी नहीं रुकने देंगी। उन्होंने कहा कि वे अपनी बेटी का हर सपना पूरा करना चाहते हैं और उसकी कामयाबी के बाद ही शादी करेंगे। भारती ने हासिल किया हरियाणा में चौथा स्थान सोनीपत के पुरखास अड्डा के पास अनिल नगर निवासी भारती ने कॉमर्स स्ट्रीम में पूरे हरियाणा में चौथा स्थान हासिल किया। वह जिले में दूसरे स्थान पर रही। भारती के पिता करीब 25 वर्षों से ऑटो चलाते हैं और अपनी बेटी की पढ़ाई के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं।
भारती के पिता मनीष मित्तल ने बताया कि उनकी बेटी बचपन से ही पढ़ाई में बेहद होशियार रही है। उसने कभी पढ़ाई से मन नहीं चुराया और हमेशा अच्छे अंक हासिल किए। उन्होंने कहा कि बेटी ने आज परिवार का नाम रोशन कर दिया। इंग्लिश, बिजनेस और कंप्यूटर में 100 में 100 अंक भारती ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लिश, बिजनेस स्टडीज और कंप्यूटर में पूरे 100 अंक हासिल किए। इसके अलावा मैथ्स में 90, इकोनॉमिक्स में 97 और अकाउंटेंसी में 95 अंक प्राप्त किए।
भारती ने बताया कि उसने नियमित पढ़ाई की और शिक्षकों के निर्देशों का पालन किया। स्कूल के शिक्षकों ने हर समय उसे मोटिवेट किया, जिसकी बदौलत वह इस मुकाम तक पहुंच सकी। उसने कहा कि उसे उम्मीद नहीं थी कि इतना शानदार परिणाम आएगा। मैनेजमेंट क्षेत्र में बनाना चाहती है करियर
भारती ने कहा कि वह आगे चलकर मैनेजमेंट क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती है। उसने कहा कि नियमित पढ़ाई और अनुशासन ही उसकी सफलता का सबसे बड़ा मंत्र रहा।
उसके पिता ने कहा कि ऑटो चलाकर परिवार का खर्च उठाना आसान नहीं था, लेकिन बेटी की पढ़ाई में कभी कोई कमी नहीं आने दी। आज उनकी मेहनत सफल हो गई। स्कूल में जश्न का माहौल, शिक्षकों ने जताई खुशी हिंदू कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल की प्रिंसिपल किरण गुप्ता ने कहा कि यह खुशी शब्दों में बयान नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि विद्यालय का अनुभवी स्टाफ लगातार मेहनत करता है और इसी का परिणाम है कि छात्राएं शानदार उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक के लिए ऐसा दिन किसी दिवाली से कम नहीं होता और बेटियों ने पूरे स्कूल को जश्न मनाने का मौका दिया है। मैथ्स टीचर प्रीति गुप्ता ने कहा कि गणित में अच्छे अंक लाने के लिए लगातार मेहनत करनी पड़ती है और छात्राओं ने पूरी लगन से तैयारी की। वहीं शिक्षिका मंजू मुखिया ने कहा कि यह उनके सेवा काल का आखिरी रिजल्ट है और बेटियों की सफलता ने उन्हें भावुक कर दिया। इंग्लिश टीचर प्रियंका मित्तल ने कहा कि दोनों बेटियों ने 100 अंक हासिल कर स्कूल और परिवार का नाम रोशन किया है। सोनीपत जिले का रिजल्ट 86.74 प्रतिशत, प्रदेश में 10वां स्थान हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के 12वीं परीक्षा परिणाम में इस बार सोनीपत जिले का कुल परिणाम 86.74 प्रतिशत दर्ज किया गया। जिले को प्रदेशभर में 10वां स्थान मिला है। पिछले वर्ष जिले का परिणाम 87.33 प्रतिशत था, यानी इस बार हल्की गिरावट दर्ज हुई।
जिले में कुल 14,589 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 12,655 विद्यार्थी सफल रहे। वहीं 1,437 विद्यार्थियों को कंपार्टमेंट आई और 497 विद्यार्थी परीक्षा में असफल रहे। इस बार टॉप-3 मेरिट में नहीं मिला जिले को स्थान
हालांकि इस बार प्रदेश की टॉप-3 मेरिट सूची में सोनीपत जिले का कोई विद्यार्थी स्थान नहीं बना पाया, लेकिन तनीषा और भारती की उपलब्धि ने जिले का सम्मान बरकरार रखा। पिछले वर्ष जिले की छात्रा करीना नेट ने 495 अंक हासिल कर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया था।
शिक्षा विभाग अब परिणाम का विश्लेषण कर कमजोर क्षेत्रों पर काम करने की तैयारी कर रहा है। वहीं कंपार्टमेंट आने वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष तैयारी और अतिरिक्त मार्गदर्शन देने की योजना बनाई जा रही है।
Source link
