सिरसा जिले के डबवाली शहर में आवारा कुत्तों का आतंक जारी है। बठिंडा रोड स्थित गली नंबर 3 में रविवार शाम 3 आवारा कुत्तों ने एक 8 वर्षीय बच्चे पर हमला करने का प्रयास किया। बच्चे की मां ने साहस दिखाते हुए उसे बचा लिया। इसका सीसीटीवी आज सामने आया है। गली निवासी सिकंदर सोनी ने बताया कि उनका 8 वर्षीय बेटा मनराज घर के बाहर निकला था। इसी दौरान तीन आवारा कुत्तों ने उसे देखकर भौंकना शुरू कर दिया। कुत्तों को अपनी ओर आता देख बच्चा घबरा गया और जान बचाने के लिए भागने लगा, जिसके बाद कुत्ते उसके पीछे पड़ गए। मां ने बेटे को कुत्तों से बचाया सिकंदर सोनी के अनुसार, उनकी पत्नी उस समय घर के गेट पर खड़ी थीं। मनराज के चिल्लाने की आवाज सुनकर और कुत्तों को उसके पीछे भागते देख, वह तुरंत बच्चे की ओर दौड़ीं। उन्होंने समय रहते बच्चे को कुत्तों के हमले से बचा लिया। इस घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल है। सिकंदर सोनी ने बताया कि इलाके में आवारा कुत्तों के कारण पहले भी कई लोग परेशान हो चुके हैं। उन्होंने नगर परिषद और प्रशासन से इस समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
Source link
