मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार शाम एचएन सिंह चौक से हड़हवा फाटक होते हुए जगेसर पासी चौराहे तक बन रही टूलेन/फोरलेन सड़क का चार स्थानों पर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को काम में तेजी लाने के साथ ही निर्देशित किया कि सड़क चौड़ीकरण में यह ध्यान रखा जाए कि आवागमन बाधित न होने पाए। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि सड़क पर कहीं भी पानी न जमा होने पाए। गोड़धोइया नाला परियोजना का जायजा लेने के बाद मुख्यमंत्री ने 495.24 करोड़ रुपये की लागत से हो रहे एचएन सिंह चौक-जगेसर पासी चौराहा सड़क चौड़ीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। वह सबसे पहले सूर्यवंशी टॉवर के पास रुके। यहां उन्होंने कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रस्तुत लेआउट मॉडल को देखा और सड़क की लंबाई-चौड़ाई और अब तक निर्माण प्रगति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने इस दौरान काम में और तेजी लाने के निर्देश दिए। कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने बताया कि अगले एक माह में कार्य पूर्ण करा लिया जाएगा। इस दौरान सीएम ने अफसरों से कहा कि ऐसी व्यवस्था बनाएं जिससे काम के दौरान आवागमन में कोई व्यवधान न हो। उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं का पूरा ध्यान रखना होगा। बिजली के तारों को अंडरग्राउंड किया जाए। सड़क के किनारे स्ट्रीट लाइट बेतरतीब न रहे। सड़क और इसके आसपास के मोहल्ले में जलजमाव न होने पाए। उन्होंने जलनिकासी के लिए हेड टू टेल मुकम्मल इंतजाम की हिदायत दी। सूर्यवंशी टॉवर के बाद मुख्यमंत्री इस मार्ग पर आगे स्थित पेट्रोल पंप के पास रुके। यहां भी उन्होंने निर्माण कार्य की जानकारी ली। सीएम योगी ने जन सुरक्षा के लिहाज से नालों को कहीं भी खुला न रहने देने के निर्देश दिए। कहा कि जहां निर्माण हो रहा हो, वहां सुरक्षा घेरा अवश्य बनाया जाए। इसके पश्चात मुख्यमंत्री हड़हवा फाटक के पास पहुंचे। यहां उन्होंने ड्राइंग मैप देखने के बाद कहा कि सड़क को इस तरह बनाया जाए जिससे एक तरफ परिवहन होता रहे। मुख्यमंत्री ने कहा हड़हवा फाटक के आसपास क्षेत्र में जलजमाव की समस्या न होने पाए, मानसून आने से पहले ही इस पर पूरा ध्यान होना चाहिए। निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री का चौथा और अंतिम पड़ाव जगेसर पासी चौराहा रहा। यहां भी उन्होंने काम में तेजी लाने और जनता की सुविधाओं का ख्याल रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह आदि भी मौजूद रहे।
Source link
