अमृतसर देहाती पुलिस और एक्साइज विभाग ने नगर कौंसिल चुनावों को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए रतनगढ़ इलाके में करोड़ों रुपए की विदेशी शराब बरामद की है। यह कार्रवाई शुक्रवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस और एक्साइज विभाग की संयुक्त टीम ने खडूर साहिब रोड पर स्थित तीन दुकानों में छापेमारी की, जहां से 2000 से ज्यादा शराब की पेटियां बरामद की गईं। जानकारी के अनुसार बरामद शराब में दिल्ली, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गुजरात और चंडीगढ़ की कई महंगी विदेशी ब्रांड शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि कुछ पेटियों में एक्सपायरी शराब और बीयर भी मिली है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में लगभग 1533 पेटियों की पुष्टि हुई थी, जबकि कुल संख्या 2000 से 2500 के बीच बताई जा रही है। एक्साइज अधिकारियों के मुताबिक यह शराब काफी पुराने स्टॉक की लग रही है और इसे गैरकानूनी तरीके से स्टोर किया गया था। पुलिस ने बताया कि जिन दुकानों से शराब बरामद हुई, वे एक व्यक्ति द्वारा किराए पर ली गई थीं। पूछताछ के दौरान कई नाम सामने आ रहे है, जिनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की तैयारी चल रही है। नाकाबंदी और फ्लैग मार्च जारी, शराब के नेटवर्क की जांच पुलिस का मानना है कि मामला चुनावों से भी जुड़ा हो सकता है। इसी कारण पंजाब पुलिस लगातार नाकाबंदी और फ्लैग मार्च कर रही है ताकि चुनावों के दौरान किसी भी गैरकानूनी गतिविधि को रोका जा सके। एक्साइज विभाग ने पूरी शराब को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में बाहरी राज्यों की शराब पंजाब तक कैसे पहुंची।
Source link
