फतेहाबाद में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए रतिया पुलिस ने 7 किलो डोडा पोस्त सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पंजाब के बठिंडा शहर की उड़िया कॉलोनी निवासी शिवम कुमार के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ सदर थाना फतेहाबाद में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। सीआईए रतिया प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस टीम गांव बड़ोपल बस अड्डा क्षेत्र में नशीले पदार्थों की रोकथाम के संबंध में गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी शिवम कुमार रंगला पंजाब ढाबा के सामने लाल रंग के कट्टे में डोडा पोस्त लेकर खड़ा है और उसे बेचने की फिराक में है। पुलिस टीम को देखकर वहां से निकलने लगा आरोपी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर रेड की। पुलिस टीम को देखकर आरोपी घबरा गया और तेज कदमों से वहां से निकलने लगा। पीछा कर पुलिस ने आरोपी को काबू किया। इस दौरान आरोपी के हाथ से लाल रंग का कट्टा नीचे गिर गया, जिसमें रखा डोडा पोस्त सड़क पर बिखर गया। नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बरामद डोडा पोस्त का वजन किया, जो कट्टे सहित कुल 7 किलो ग्राम पाया गया। पुलिस ने डोडा पोस्त को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। इस संबंध में सदर थाना फतेहाबाद में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 15बी, 61, 85 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
Source link
