पंजाब में पेट्रोल-डीजल के रेट बढ़ चुके हैं। पेट्रोल की कीमत सभी जिलों में 100 रुपए प्रति लीटर से ज्यादा हो चुकी है। डीजल के रेट में भी 3 रुपए से ज्यादा की बढ़ोत्तरी हुई है। ऐसे में सबकी नजर इस बात पर है कि दोबारा तो इसके रेट नहीं बढ़ेंगे। फिर इस बढोत्तरी का रोजमर्रा की चीजों पर इसका क्या असर होगा। कहीं राशन, फल-सब्जियां तो महंगी नहीं हो जाएंगी। स्कूलों में गर्मियों की छुटि्टयां होने वाली हैं, बच्चों को लेकर घूमने जाएंगे तो बजट कितना बढ़ाना पड़ेगा। ट्रासंपोर्ट से माल मंगाना कितना महंगा हो जाएगा। दैनिक भास्कर ने इस बारे में पेट्रोल पंप एसोसिएशन, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन, टूर एंड ट्रैवल्स, व्यापार एसोसिएशन के पदाधिकारियों से बात की, उन्होंने क्या कहा.. ये जानने के लिए पढ़िए पूरी रिपोर्ट…. सवाल: क्या पेट्रोल-डीजल के बढ़े रेट यही रहेंगे या फिर बढ़ेंगे?
पंजाब पेट्रोल-डीलर पंप एसोसिएशन के प्रमुख अशोक सचदेवा ने कहा- बिल्कुल, अगर अमेरिका-ईरान जंग के हालात न सुधरे तो आने वाले दिनों में फिर से पेटोल-डीजल के रेट बढ़ सकते हैं। अभी इसके लिए टाइम बताना तो मुश्किल है लेकिन जंग के हालात के हिसाब से 10 से 15 दिन के भीतर यह नौबत आ सकती है। सवाल: गुड्स ट्रांसपोर्टेशन (माल ढुलाई) पर पेट्रोल-डीजल के रेट बढ़ने का क्या असर होगा?
लुधियाना गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रेस सेक्रेटरी जगदीश सिंह जस्सोवाल कहते हैं- अमेरिका-ईरान जंग से विदेशों से आने वाले कच्चे माल में भारी गिरावट आई है। बंदरगाहों तक माल नहीं आ रहा। हालात ये हैं कि जहां पहले 20 गाड़ियों के ऑर्डर होते थे वो घटकर 4-5 रह गए। अब डीजल महंगा होने से ट्रांसपोर्टर्स का बचा-खुचा मुनाफा भी खत्म हो रहा है। इसी वजह से डीजल के रेट बढ़ते ही ट्रांसपोर्टर्स ने रेट नहीं बढ़ाए क्योंकि वह खुद घाटे में हैं। इतना जरूर है कि अगर ट्रांसपोर्ट इंडस्ट्री का घाटा और बढ़ा तो 10 से 15 दिन के बाद रेट बढ़ाना मजबूरी हो जाएगी। ट्रांसपोर्ट के रेट बढ़े तो यह तय है कि सभी चीजों के रेट बढ़ने शुरू हो जाएंगे।
सवाल: पेट्रोल-डीजल के रेट बढ़ने से टूर एंड ट्रैवल्स वाले भी टैक्सियों के रेट बढ़ाएंगे?
पंजाब टैक्सी यूनियन-31 के प्रधान जीवनजोत सिंह ग्रेवाल का कहना है- फिलहाल तो टैक्सी के रेट नहीं बढ़े। 1-2 दिन में यूनियन की मीटिंग करेंगे और उसके बाद आगे फैसला लेंगे। वैसे भी, अब स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियों के कारण बुकिंग आने लगी हैं इसलिए टैक्सी यूनियन भी जल्द ही किराए पर फैसला लेगी। पेट्रोल-डीजल के रेट फिर बढ़े तो किराया 5% से 10% बढ़ेगा, इससे लोगों का समर वैकेशन का बजट भी 20% से 30% तक बढ़ जाएगा। सवाल. रोजमर्रा की ग्रॉसरी आइटम भी पेट्रोल-डीजल रेट बढ़ने से महंगी होंगी?
लुधियाना में रिखी राम एंड संस के संचालक व्यापारी नवीन अग्रवाल का कहना है कि जब तक ट्रांसपोर्टर किराया नहीं बढ़ाते तब तक कीमतों पर खास असर नहीं पड़ेगा। ट्रांसपोर्टरों का किराया बढ़ा तो कीमतों में उसी अनुपात में बढ़ोत्तरी हो जाएगी। अगर लोकल लेवल पर ट्रांसर्पोटेशन चार्जेज बढ़े तो कीमतें उससे भी बढ़ जाएंगी। इससे लोगों का रसोई का बजट 10% से 15% तक बढ़ सकता है। सवाल: सब्जी व फ्रूट पर पेट्रोल-डीजल के रेट बढ़ने का कब तक असर होगा?
लुधियाना की सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन के वाइस प्रेजिडेंट रचिन अरोड़ा का कहना है- फल-सब्जियां टोटल बाहर से आ रही हैं। 2 दिन में अभी तक रेट नहीं बढ़े हैं क्योंकि ट्रांसपोर्टर अभी अपना रेट नहीं बढ़ा रहे हैं। जैसे ही ट्रांसपोर्टर के रेट बढ़ेंगे वैसे ही सब्जियां और फल सबसे पहले महंगे होंगे। ******************* ये खबर भी पढ़ें… पंजाब में पेट्रोल की कीमत ₹100 पार:चंडीगढ़ में ₹97.44, डीजल ₹3 महंगा; ट्रांसपोर्टर बोले- हम किराया बढ़ाएंगे, सब्जियां महंगी होंगी पंजाब में पेट्रोल और डीजल 3 रुपए प्रति लीटर महंगा हो गया है। अब ज्यादातर शहरों में पेट्रोल 100 रुपए के पार पहुंच गया है। वहीं, धान रोपाई से पहले डीजल की कीमत 87.83 रुपए से बढ़कर 90.78 रुपए प्रति लीटर हो गई है। हालांकि, अलग-अलग शेहरों में दामों में अंतर है। चंडीगढ़ में भी पेट्रोल के दाम ₹94.30 से बढ़कर अब ₹97.44 और डीजल ₹82.45 प्रति लीटर से बढ़कर ₹85.56 प्रति लीटर हो गए हैं (पढ़ें पूरी खबर)
Source link
