फरीदकोट जिले में नगर कौंसिल चुनाव से पहले पहला उम्मीदवार निर्विरोध विजेता बन गया है। इसके साथ ही आम आदमी पार्टी ने जिले की कौंसिल में अपना खाता खोल लिया है। जैतो नगर के वार्ड नंबर 1 से आम आदमी पार्टी उम्मीदवार प्रीतम कौर के मुकाबले किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया। हालांकि निर्विरोध जीत की औपचारिक घोषणा 18 मई को नामांकन पत्रों की जांच के बाद की जाएगी,लेकिन उनके खिलाफ कोई उम्मीदवार मैदान में नहीं होने के कारण उनकी जीत तय मानी जा रही है। विधायक ने दी बधाई इस मामले में जैतो से आप विधायक अमोलक सिंह ने प्रीतम कौर को जैतो नगर काउंसिल के वार्ड नंबर 1 से निर्विरोध विजेता बनने पर हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह जीत आम लोगों के विश्वास, पार्टी की नीतियों और विकास कार्यों की जीत है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में भी जनता की सेवा और शहर के विकास के लिए पूरी ईमानदारी और मेहनत से काम किया जाएगा। फरीदकोट जिले में 345 उम्मीदवार मैदान में उतरे उल्लेखनीय है कि फरीदकोट जिले की तीन नगर काउंसिलों फरीदकोट,कोटकपूरा और जैतो के कुल 71 वार्डों के लिए चुनाव करवाए जा रहे हैं। इन चुनावों में कुल 345 उम्मीदवार मैदान में उतरे हैं। इनमें फरीदकोट नगर काउंसिल के 25 वार्डों के लिए 144 उम्मीदवार, जैतो नगर काउंसिल के 17 वार्डों के लिए 73 उम्मीदवार तथा कोटकपूरा नगर काउंसिल के 29 वार्डों के लिए 128 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। चुनाव आयोग की हिदायतों के अनुसार 18 मई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि 19 मई तक उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 26 मई को होगा और 29 मई को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
Source link
