करनाल में लेडी क्लर्क डिंपल अरोड़ा के मर्डर के मामले में रविवार देर शाम पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया। आरोपी के पैर में दो गोली लगी हैं। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ के बाद एसपी नरेंद्र बिजारणिया के साथ पुलिस की अन्य टीमें इंद्री रोड पर मुठभेड़ वाली जगह पर पहुंचीं। आरोपी की पहचान कुरुक्षेत्र में लाडवा के सलीमपुर के रहने वाले विकास के रूप में हुई है। विकास का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड है। कुरुक्षेत्र में उसे एक मामले में 20 साल की सजा हुई थी। जमानत पर आकर वह फरार हो गया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, डिंपल का पड़ोसी के साथ पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद उस पड़ोसी ने विकास को सुपारी देकर डिंपल की हत्या करा दी। हालांकि, पुलिस की तरफ से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। 15 मई की दोपहर को सेक्टर-9 में डिंपल अरोड़ा की घर के बाहर सिर में गोली मारकर हत्या की गई थी। हमलावर बाइक पर आया था। डिंपल अरोड़ा बिजली निगम में क्लर्क के साथ कर्मचारी यूनियन की प्रधान भी थीं। इंद्री रोड पर आरोपी की सूचना मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार देर शाम करीब साढ़े 8 बजे सीआईए टीम को सूचना मिली थी कि लेडी क्लर्क डिंपल अरोड़ा की हत्या करने वाला युवक इंद्री रोड पर मौजूद है। टीम मौके पर पहुंची तो एक युवक बाइक से जाता हुआ दिखाई दिया। टीम ने उसे रुकने का इशारा किया। युवक ने तभी बाइक रोककर पुलिस पर फायरिंग कर दी। दो गोलियां लगते ही गिरा युवक जवाबी कार्रवाई करते हुए टीम ने भी गोलियां चलाईं। दोनों तरफ से कई राउंड फायर हुए। आखिर में युवक के पैर में दो गोलियां लगीं। युवक बाइक से सड़क पर ही गिर गया। इसके बाद टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस उसे ट्रॉमा सेंटर ले गई। वहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद डीएसपी राजीव, डीएसपी संदीप, सदर थाना एसएचओ और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। DSP बोले- आरोपी से पूछताछ कर रहे DSP राजीव कुमार ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से एक पिस्टल, गोलियां और एक बाइक बरामद की गई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने हत्या किसके कहने पर की। अब जानिए कैसे हुई थी डिंपल अरोड़ा की हत्या…. खाना खाने घर आई थी डिंपल सेक्टर-9 में डिंपल अरोड़ा अपने परिवार के साथ रहती थीं। इनके पति विमल अरोड़ा हैं। इनके तीन बच्चे हैं। दो बेटियां दीया, गुनगुन और एक बेटा देवांश है। दीया कनाडा रहती है। डिंपल शुक्रवार दोपहर को खाना खाने के लिए घर आई थी। डिंपल घर के बाहर स्कूटी लॉक कर रही थी, तभी एक अज्ञात युवक हेलमेट लगाकर आया और उसके सिर में गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पति बोले- किसी से कोई रंजिश नहीं थी डिंपल के पति विमल अरोड़ा ने बताया था कि उनकी किसी से रंजिश नहीं है। डिपंल डेली की तरह खाना खाने के लिए दिन में घर पर आई थी। बेटी गुनगुन ने डिंपल को गिरे हुए देखा। इसके बाद उसने परिवार को बुलाया। डिपंल के सिर से काफी खून निकल रहा था। उसे अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
Source link
