जौनपुर में ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के आह्वान पर बुधवार को जिले के सभी केमिस्ट और ड्रगिस्ट ने एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल की। ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में जौनपुर के सभी मेडिकल स्टोर पूरी तरह बंद रहे और जिला अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया गया। संगठन के अध्यक्ष दिवाकर सिंह ने बताया कि उनकी मुख्य मांग दवाओं की अनियमित ऑनलाइन बिक्री और बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे के दवाओं की होम डिलीवरी पर रोक लगाना है। सिंह ने कहा कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स द्वारा दी जा रही अत्यधिक छूट की नीति छोटे और लाइसेंसधारी केमिस्टों के व्यापार को प्रभावित कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और क्विक कॉमर्स कंपनियां इन नियमों का दुरुपयोग कर रही हैं। सिंह ने यह भी बताया कि ऑनलाइन दवा बिक्री से न केवल केमिस्टों का रोजगार खतरे में है, बल्कि मरीजों की सेहत से भी खिलवाड़ हो रहा है। बिना डॉक्टर की पर्ची के दवाएं मिलने से नशे के लिए इनका दुरुपयोग बढ़ने की आशंका है। केमिस्टों ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि इस संबंध में जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो उनका आंदोलन और तेज किया जाएगा।
Source link
