हापुड़ में मंगलवार देर रात दिल्ली रोड पर एक बड़ा हादसा हो गया, जब प्लाईवुड से लदे एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा ट्रक लपटों में घिर गया और देखते ही देखते जलकर खाक हो गया। जानकारी के अनुसार, यह ट्रक गुजरात से प्लाईवुड लेकर हापुड़ पहुंचा था और नगर कोतवाली के सामने पहुंचते ही उसमें आग लग गई। आग लगते ही ट्रक चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। देखिए तस्वीरें… कुछ ही मिनटों में आग ने लिया विकराल रूप प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद ट्रक से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं और आसपास अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि ट्रक को बचाने का कोई मौका नहीं मिला। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि अधिकारी अन्य पहलुओं की भी जांच कर रहे हैं। दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत से पाया काबू सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान सड़क पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय शर्मा ने बताया कि ट्रक पूरी तरह जल गया, लेकिन किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
Source link
