संत कबीर नगर के बेलहर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत बेलहर कला के कोठवा वार्ड नंबर 7 में शुक्रवार को एक किशोर की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 वर्षीय मो. अरशाद पुत्र असलम गांव के पास स्थित एक पोखरे में नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से किशोर को पोखरे से बाहर निकाला गया और तत्काल उपचार के लिए बेलहर सीएचसी ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मोहल्ले के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। सूचना मिलने पर बेलहर थाना अध्यक्ष हरिकेश भारती पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। थाना अध्यक्ष हरिकेश भारती ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय स्थित पीएम हाउस भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
Source link
