हरियाणा के ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को पंचकूला में ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन हरियाणा ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजकर चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर जल्द समाधान नहीं हुआ तो 24 और 25 मई को प्रदेश भर के कर्मचारी नरवाना में मंत्री कृष्ण बेदी के आवास के बाहर पड़ाव डालेंगे। यूनियन महासचिव विनोद कुमार का कहना है कि पिछले लंबे समय से सफाई कर्मचारियों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि सरकार को कई बार पत्र और ज्ञापन दिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बोले- 19 साल से स्थाई होने का इंतजार यूनियन नेताओं ने बताया कि ग्रामीण सफाई कर्मचारी पिछले 19 वर्षों से स्थायी होने का इंतजार कर रहे हैं। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने भी 31 दिसंबर 2025 तक 10 साल की सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों को नियमित करने के आदेश दिए हैं, लेकिन अब तक इन्हें लागू नहीं किया गया। वेतन बढ़ाने और नई भर्ती की मांग ज्ञापन में मांग की गई है कि 24 नवंबर, 2024 को घोषित 26 हजार रुपए मासिक वेतन को तुरंत लागू किया जाए। साथ ही 11 जून 2025 को घोषित 2100 रुपए की बढ़ोतरी का एरियर सहित भुगतान किया जाए। यूनियन ने प्रदेश में आबादी के हिसाब से सफाई कर्मचारियों की भर्ती की भी मांग उठाई। उनका कहना है कि 400 की आबादी पर एक स्थायी कर्मचारी नियुक्त किया जाए।
Source link
