खैरथल-तिजारा जिले के कोटकासिम उपखंड की ग्राम पंचायत जटियाणा में गुरुवार रात ‘रात्रि चौपाल’ का आयोजन किया गया। इसमें जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। चौपाल में अवैध शराब बिक्री, पेयजल संकट, रास्तों, राजस्व और बिजली सहित विभिन्न मुद्दों से जुड़े कुल 36 परिवाद प्राप्त हुए। अवैध शराब बिक्री की शिकायत मिली रात्रि चौपाल के दौरान जटियाणा में अवैध शराब बिक्री की शिकायत को जिला कलेक्टर ने गंभीरता से लिया। उन्होंने संबंधित विभागों को इस पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जटियाणा और झरियाणा गांवों में पेयजल समस्या को लेकर ग्रामीणों ने अपनी नाराजगी व्यक्त की। जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नई बोरवेल के लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है। जिला कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नई ट्यूबवेल निर्माण प्रक्रिया पूरी होने तक दोनों गांवों में टैंकरों के माध्यम से नियमित और सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि भीषण गर्मी में ग्रामीणों को परेशानी न हो। परिवादियों को मिली राहत चौपाल में शुद्धिकरण से जुड़े चार प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर परिवादियों को राहत प्रदान की गई। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा आमजन से व्यक्तिगत संपर्क बनाकर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। इन सरकारी योजनाओं की जानकारी दी इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने वृद्धजन पेंशन योजना, आपकी बेटी योजना, विधवा पेंशन योजना, मुख्यमंत्री पालनहार योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, लाडो योजना, जल जीवन मिशन, पीएम सूर्यघर योजना और पीएम विश्वकर्मा योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। कृषि विभाग द्वारा तारबंदी योजना, फार्म पॉन्ड और प्याज भंडारण योजनाओं पर भी विस्तार से जानकारी साझा की गई। रात्रि चौपाल में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, उपखंड अधिकारी रेखा यादव, तहसीलदार वीरेंद्र, जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Source link
