लुधियाना में सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि मृतक का शव दो हिस्सों में बंट गया। थाना डेहलों पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान में जुटी है। फिलहाल अभी आरोपी का कुछ पता नहीं चल सका है। मृतक की पहचान केसर सिंह निवासी नूरा माही नगर, रायकोट के रूप में हुई है। पुलिस को दी शिकायत में मृतक की पत्नी ममता ने बताया कि 21 मई की रात उनके पति रिश्तेदारी से वापस घर लौट रहे थे। वह अपनी काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल नंबर PB10GT-6653 पर सवार थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि उनके पति का किसी अज्ञात वाहन के साथ एक्सीडेंट हो गया है। सूचना मिलते ही वह अपने बेटे अजय के साथ मौके पर पहुंचीं। क्षत-विक्षत हालत में मिला शव जब वह नहर शंकर जीटी रोड के नजदीक पहुंचीं तो देखा कि सड़क पर उनके पति का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हालत में पड़ा था। हादसा इतना भीषण था कि शव के 2 टुकड़े हो गए थे। वहीं मोटरसाइकिल भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त मिली। थाना डेहलों पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ BNS की धारा 281, 106 और 324(4) के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के CCTV खंगाल रही है और आरोपी वाहन चालक की तलाश में जुटी है।
Source link
