सीतामढ़ी के पुनौरा थाना क्षेत्र के रामपुर परोरी गांव में एक साल पुराने जमीनी विवाद को लेकर शुक्रवार को हिंसक झड़प हुई। लीची के पेड़ तोड़ने को लेकर हुए इस विवाद में दिव्या ज्योति देवी और उनके पति ओम कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल दिव्या ज्योति देवी ने बताया कि उनका अपने ही रिश्तेदारों के साथ करीब एक वर्ष से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। यह मामला न्यायालय में लंबित है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद दूसरा पक्ष लगातार उन्हें परेशान कर रहा था। लीची का पेड़ तोड़ने पर विवाद शुरू शुक्रवार को विवाद तब बढ़ गया जब राम कुमार सिंह की बेटी कथित तौर पर लीची का पेड़ तोड़ने पहुंची। पीड़ित परिवार ने इसका विरोध किया, जिसके बाद पहले से चला आ रहा विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विरोध करने पर राम कुमार सिंह, उज्जवल सिंह समेत कई लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में दिव्या ज्योति देवी के सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे उनका सिर फट गया। वहीं उनके पति ओम कुमार सिंह का हाथ टूट गया। घटना के बाद घायल दंपति को इलाज के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 2 बार पहले भी थाने में दिया गया था आवेदन परिजन ने आरोप लगाया कि उन्होंने पूर्व में दो बार पुनौरा थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। परिजनों ने यह भी बताया कि मारपीट से संबंधित वीडियो पुलिस को दिया गया था, लेकिन फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस मामले को लेकर पुनौरा थानाध्यक्ष रमन राज ने बताया कि मारपीट की घटना से संबंधित एक आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
